-
Advertisement
हिमाचल के सीबीएसई सरकारी स्कूलों में होगी प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती, मिलेगा ₹25,000 तय मानदेय
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा विभाग ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने के लिए दो महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। एक ओर जहां सरकार ने सीबीएसई (CBSE) से मान्यता प्राप्त सरकारी स्कूलों में प्राथमिक स्तर पर शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ कर दिया है, वहीं दूसरी ओर सरकारी स्कूलों के कर्मचारियों द्वारा बैठकों और प्रशिक्षण के नाम पर ली जाने वाली अतिरिक्त छुट्टियों पर भी सख्ती से रोक लगा दी है।
25 हजार रुपये मानदेय पर नियुक्त होंगे ‘शिक्षक प्राथमिक’
स्कूल शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, शिक्षक नियुक्ति योजना का विस्तार करते हुए सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
पदनाम और मानदेय: इस योजना के तहत नियुक्त होने वाले शिक्षकों को आधिकारिक तौर पर ‘शिक्षक प्राथमिक’ कहा जाएगा। इन्हें नियमित वेतन के बजाय निर्धारित शर्तों के आधार पर 25,000 रुपये प्रतिमाह तय मानदेय दिया जाएगा, जो एक शैक्षणिक वर्ष में केवल 10 महीनों के लिए ही देय होगा।
अनिवार्य शैक्षणिक योग्यता: इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 12वीं कक्षा न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध संस्थान से 60 प्रतिशत अंकों के साथ दो वर्षीय जेबीटी (JBT) या डीएलएड (D.El.Ed) डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अतिरिक्त, 60 प्रतिशत अंकों के साथ चार वर्षीय बीएलएड (B.El.Ed) डिग्री धारक भी इन पदों के लिए पात्र होंगे।
50 किमी के दायरे में यात्रा के लिए नहीं मिलेगी अतिरिक्त छुट्टी
उधर, शिक्षा निदेशालय ने सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों की मनमानी पर नकेल कसते हुए नए निर्देश जारी किए हैं। अब कर्मचारी किसी बैठक, प्रशिक्षण या सेमिनार में भाग लेने के लिए आने-जाने (यात्रा) के नाम पर अतिरिक्त अवकाश नहीं ले सकेंगे।
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी कर्मचारी को उसके ड्यूटी स्थल से 50 किलोमीटर के दायरे में किसी आधिकारिक कार्य के लिए भेजा जाता है और वहां तक पहुंचने के लिए उचित परिवहन सुविधा उपलब्ध है, तो उसे कार्यक्रम समाप्त होते ही उसी दिन वापस लौटना होगा। दरअसल, निदेशालय के संज्ञान में यह बात आई थी कि कई शिक्षक और कर्मचारी 50 किलोमीटर से कम दूरी के कार्यक्रमों में जाने पर भी यात्रा के नाम पर दो अतिरिक्त दिन की छुट्टी ले रहे थे, जिस पर अब पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है।
अनु गुप्ता
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
