-
Advertisement
मंडी के लडभड़ोल में भीषण सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, 6 युवाओं की दर्दनाक मौ#त
Himachal Accident: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के अंतर्गत लडभड़ोल बाजार में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। यहां पेट्रोल पंप के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक आसपास के गांवों के ही स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं, जिनकी उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच थी।मृतकों की पहचान यस राम पुत्र रामलाल निवासी सिमस, आयुष ( 19) पुत्र विनोद कुमार, निवासी सिमस , पंकज पुत्र प्राक्रम निवासी गवाला , आदित्य (18) पुत्र अजय कुमार निवासी बलोटू, अर्नव पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी गवाला , नूजू पुत्र नवीन राय निवासी सिमल के रूप में हुई है।
खाई में गिरते ही उड़े कार के परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि गहरी खाई में गिरने के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत राहत एवं बचाव कार्य के लिए घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने स्वयं जोखिम उठाते हुए गहरी खाई में उतरकर कार सवारों को बाहर निकालने और उनकी जान बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण तब तक सभी छह युवा दम तोड़ चुके थे।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से निकाले शव
हादसे की सूचना मिलते ही लडभड़ोल पुलिस की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद सभी छह शवों को गहरी खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। एक साथ छह युवाओं की असमय मौत से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे लडभड़ोल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है
लक्की शर्मा
