-
Advertisement
हिमाचल चुनावः झूठ बोलने से कुछ नहीं मिलेगा, जनता जानती है विकास किसने किया है
मंडी। मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने बीजेपी पर झूठा प्रचार करने का आरोप लगाया है। आज पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर के गढ़ यानी द्रंग विधानसभा क्षेत्र के टिक्कन में चुनाव प्रचार के लिए पहुंची प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर जमकर जुबानी हमले बोले। उन्होंने कहा कि भाजपा कहती है कि जो विकास 70 वर्षों में नहीं हो पाया वो इन्होंने सात वर्षों में कर दिखाया है। जबकि देश की जनता भली भांति जानती है कि मौजूदा भाजपा सरकार क्या कर रही है और विकास किसने करवाया है। आज देश की जनता महंगाई से जूझ रही है और मोदी सरकार का इस तरफ कोई ध्यान नहीं। उल्टा दिन प्रतिदिन लोगों को इस बोझ के नीचे और ज्यादा दबाने का कार्य किया जा रहा है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा हर बार चुनावों के दौरान ऐसा मुद्दा लेकर आ जाती है जिससे जनता का ध्यान भटकाया जा सके और विकास की बातें न हों। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने विकास करवाया है और उसी विकास के दम पर जनता के बीच जा रही है।
यह भी पढ़ें:हिमाचल उपचुनावः प्रतिभा के बोल- बढ़ती महंगाई के खिलाफ सरकार को सिखाओ सबक

इस मौके पर पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी किसान और बागवान विरोधी हैं। देश के किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं और उन्हें राहत देने की बजाय केंद्र सरकार काले कानूनों को लागू करने पर तुली हुई है। किसानों की बात सुनने के लिए नरेंद्र मोदी की सरकार के पास समय नहीं है और सिर्फ अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान झूठे प्रलोभन देने वालों को अब जनता सबक सिखाने जा रही है।द्रंग दौरे के दौरान प्रतिभा सिंह ने टिक्कर, पधर और पदवाहन में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री एवं विधायक कर्नल धनीराम शांडिल और आशा कुमारी सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

