-
Advertisement
सोलन से शिमला जा रही प्राइवेट बस सलोगड़ा के पास पलटी , चालक और यात्री घायल
Solan Accident: चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर शनिवार सुबह एक खौफनाक सड़क हादसा सामने आया है। सोलन से शिमला की ओर जा रही एक प्राइवेट बस सलोगड़ा के पास अचानक बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में बस चालक समेत दो लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बहुत बड़ा हादसा टल गया।
पैराफिट तोड़कर दूसरी लेन में जा घुसी
बस प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह एक प्राइवेट बस (जिसमें करीब 10 से 12 यात्री सवार थे) सोलन से शिमला के लिए निकली थी। जब बस सोलन से लगभग 10 किलोमीटर दूर सलोगड़ा के पास पहुंची, तो चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया। बेकाबू हुई बस ने सड़क किनारे बने पैराफिट को जोरदार टक्कर मारी और उसे तोड़ते हुए फोरलेन की एक लेन से दूसरी लेन में जा पलटी।
राहत की बात यह रही कि जिस वक्त यह बस दूसरी लेन में गिरी, उस दौरान वहां से कोई अन्य वाहन नहीं गुजर रहा था। अगर उस समय वहां से कोई गाड़ी आ रही होती, तो यह एक बेहद जानलेवा और बड़ा हादसा हो सकता था।
बस का ड्राइवर और एक यात्री घायल
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। इस दुर्घटना में बस का ड्राइवर और एक यात्री घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका उपचार चल रहा है। बाकी सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। दुर्घटना के कारण फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया था, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जल्द ही सुचारू करवा दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के असल कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यही सामने आ रहा है कि चालक द्वारा वाहन से अचानक नियंत्रण खो देने के कारण यह हादसा पेश आया है।
नरेंद्र

