-
Advertisement
सोलन में प्रियंका गांधी ने किया चुनावी शंखनाद, बीजेपी सरकार पर जमकर बरसी कांग्रेस महासचिव
Last Updated on October 14, 2022 by sintu kumar
सोलन। हिमाचल विधानसभा चुनाव (Vidhan Sabha Election) के लिए शुक्रवार को सोलन (Solan) के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में कांग्रेस की परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली हुई। इस रैली में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया और कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इससे पहले उन्होंने मां शूलिनी मंदिर (Maa Shoolini Temple) में पूजा-अर्चना की। इस दौरान प्रियंका पुरानी पेंशन स्कीम (ओपीएस) की बहाली को लेकर क्रमिश अनशन कर रहे एनपीएस कर्मचारियों से मिलने भी पहुंचीं और उनकी मांगों को सुना। इसके बाद प्रियंका गांधी सोलन के ठोडो मैदान पहुंची। प्रियंका गांधी ने मां शूलिनी के नाम से अपने भाषण की शुरूआत की। इस दौरान जहां उन्होंने कार्यकर्ताओें में जोश भरा। वहीं बीजेपी पर भी जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में अपनी दादी इंदिरा गांधी को भी याद किया।उन्होंने कहा कि हिमालय की बर्फ में इंदिरा गांधी की अस्थियां भी हैं। इंदिरा गांधी जानती थीं हिमाचल के लोगों के हौसले को। मेहनत के बल पर आज हिमाचल के लोगों ने प्रदेश को ऊंचाइयों पर पहुंचाया हैं।
यह भी पढ़ें:मुकेश का तंज: वेंटीलेटर पर पड़ी जयराम सरकार को PM मोदी ऑक्सीजन देने का कर रहे प्रयास
प्रियंका गांधी ने कहा कि इस प्रदेश को यहां के मेहनतकश लोगों, सैनिकों, कर्मचारियों की मेहनत ने यहां तक पहुंचाया है। यह चुनावी भाषण में बताने का वक्त नही है, बल्कि सोचने समझने की बात है। उन्होंने कहा कि सारी उम्र काम करने के बाद कर्मचारियों को पेंशन (Pension to Employees) नहीं दी जा रही है। ऐसे में कर्मचारी कहां जाएंगे। कर्मचारियों की पेंशन उनका हक है। मोदी सरकार के पास कर्मचारियों को पेंशन देने के लिए पैसा नहीं है, लेकिन अपने बड़े-बड़े बिजनेस और उद्योगपति मित्रों पर देश का खजाना लुटाने के लिए पैसा है। युवाओं के लिए नौकरी नही, किसानों बागवानों को उनकी फसल के दाम नहीं मिल रहे हैं और मोदी (PM Modi) डबल इंजन की सरकार के बड़े बड़े दावे करते है। जनता से कांग्रेस ने जो रिश्ता जोड़ा था बीजेपी ने उसे तोड़ने का काम किया है।
कांग्रेस सरकार बनते ही पूरे होंगे जनता से किए वादे
इस दौरान प्रियंका गांधी ने मंच से कांग्रेस की चुनावी गारंटियों को दोहराया और वादा किया कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरियां और दूसरी कैबिनेट (Cabinet) में ओपीएस, ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू किया जाएगा। हिमाचल में नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए एंटी ड्रग पालिसी बनाई जाएगी। युवाओ को ज़ीरो बैंक गारंटी पर लोन दिया जाएगा। महिलाओं का जीवन सबसे संघर्षपूर्ण है, महिलाओं को मां बगलामुखी माता के साथ जोड़ते हुए इनके लिए 1500 प्रतिमाह राशि देने का भी ऐलान किया।
प्रियंका ने याद किए पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह
प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह को भी याद किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा काम किया। जिसकी बदौलत कांग्रेस काल में प्रदेश के विकास कार्य हुए है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इसकी गारंटी कि हमारी सरकार बनी तो दो निर्णय होंगे, उनकी सरकार बनते ही मंत्रिमंडल की पहली बैठक में जो निर्णय लिए जाएंगे, पहली मंत्रिमंडल की बैठक में 1 लाख युवाओं को रोजगार, OPS की बहाली की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले निर्णय में प्रदेश के 100000 रिक्त पद भरे जाएंगे और आने वाले समय में कुल 500000 लोगों को रोजगार दिया जाएगा सरकार अपने दूसरे निर्णय निर्णय में ओपीएस की बहाली करेगी प्रदेश के 200000 कर्मचारियों के परिवारों को फायदा पहुंचेगा। प्रियंका ने हिमाचल में नशे को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि उनकी सरकार स्टेट में ड्रग पॉलिसी बनाएगी डीएडिक्शन सेंटर खोले जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश की सत्ता में कांग्रेस की सरकार बनती है तो युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने के लिए पुख्ता कदम उठाए जाएंगे, 680 करोड का फंड बनाया जाएगा और स्टार्टअप करने वाले युवाओं को फायदा मिलेगा।
पहाड़ की महिलाओं का जीवन बड़ी कठिन परिस्थितियों से गुजरता है
पहाड़ की महिलाओं को साधने का प्रयास करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि उनका जीवन बड़ी कठिन परिस्थितियों से गुजरता है। आप मां बगलामुखी ज्वाला माता और मां नैना देवी की शक्ति के साथ काम करती है। इसलिए कांग्रेस ने तय किया है कि उनकी सरकार बनने पर महिलाओं को पंद्रह ₹1500 प्रतिमाह दिए जाएंगे।
सोलन में प्रियंका गांधी की रैली में जुटी भारी भीड़
बता दें कि हिमाचल विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने वाला है। प्रदेश में सभी राजनीतिक दलों ने प्रचार करना भी शुरू कर दिया है। दोनों बड़ी पार्टियों के दिग्गज हिमाचल में जनसभाएं कर रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ही हिमाचल में रैली की थी। अब कांग्रेस ने प्रियंका गांधी की सोलन में बड़ी रैली का आयोजन किया है। इस रैली में हजारों की संख्या में भीड़ जुटाई गई है। रैली में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला समेत प्रदेश का पूरा पार्टी नेतृत्व मौजूद हैं। लंबे समय के बाद प्रदेश के बड़े नेता एक मंच पर दिखे हैं। शिमला संसदीय क्षेत्र में शिमला, सोलन और सिरमौर जिला की 17 विधानसभा सीटें आती हैं।
इसे देखते हुए इस रैली को काफी अहम माना जा रहा है। इस महारैली के सफल आयोजन के लिए प्रदेश कांग्रेस के अधिकांश नेताओं ने गुरुवार दोपहर से ही सोलन में डेरा डाल दिया था। बता दें कि प्रियंका गांधी बीते 4 अक्तूबर से राजधानी शिमला से सटे छराबड़ा स्थित अपने घर पर रुकी हुई हैं।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group