-
Advertisement

जो सीएम अपने घर में विकास करवाने में असफल, उससे प्रदेश क्या उम्मीद करेगा
जंजैहली। सुना था प्रदेश में केवल सराज में विकास हो रहा है लेकिन यह एक गलतफहमी निकली। यह बात वीरवार को अपने मंडी जिला के दौरे के पांचवे दिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर (Kuldeep Singh Rathore) ने जंजैहली में कही। सराज के जंजैहली में आयोजित सराज कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन के उपरांत पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता में कुलदीप सिंह राठौर कहा कि सराज में हालात खराब हैं। सराज में सड़कों की हालत दयनीय है और प्रदेश के सीएम अपने विधानसभा क्षेत्र में 12 हेलीपैड का निर्माण करवा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार के मुखिया पर सराज में जनता के धन का दुरुपयोग करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने प्रदेश के सीएम के गृह विधानसभा क्षेत्र में जमकर जुबानी हमले बोलते हुए कहा कि जो सीएम अपने जिला व गृह विधानसभा में विकास करवाने में असफल साबित हुआ हो उनसे प्रदेश के विकास की क्या उम्मीद रखी जा सकती है। उन्होंने सराज में हुए विकास का श्रेय कांग्रेस पार्टी की सरकारों को दिया। इससे पूर्व उन्होंने सराज के जंजैहली में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लिया और कार्यकर्ताओं में आगामी चुनावों के चलते जोश भरने के साथ ही कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों व स्थानीय नेताओं की नब्ज भी टटोली।
यह भी पढ़ें: राठौर बोले-महेंद्र सिंह बदतमीजी के नए कीर्तिमान कर रहे हैं स्थापित
वहीं इस मौके पर कार्यकर्ता सम्मेलन के उपरांत पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में मंडी के वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व में मंत्री रहे कौल सिंह ठाकुर (Kaul Singh Thakur) ने भी प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर (Jai Ram Thakur) को आड़े हाथों लिया। उ न्होंने मंडी जिला के साथ-साथ सराज में लोकल ठेकेदारों को काम न देकर बाहरी राज्यों की बड़े ठेकेदारों को ही मात्र क्षेत्र में विकास कार्यों से संबंधित काम देने का गंभीर आरोप लगाया। मंडी जिला के दौरे के पांचवें दिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष का सराज के क्षेत्र में पहुंचने पर लठियाणी, कांडा, थुनाग व जंजैहली में युवा कांग्रेस, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। उपरांत इसके प्रदेश कांगेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर करसोग के लिए रवाना हुए। इस दौरान उनके साथ जिला कांग्रेस कमेटी मंडी के अध्यक्ष प्रकाश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव व युवा नेता अदित्य विक्रम, कांग्रेस कमेटी के महासचिव चेत राम ठाकुर, जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रिंकू चंदेल, तरूण ठाकुर सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group