-
Advertisement
हिमाचल के पेंशनरों के लिए बड़ी राहत: अक्टूबर में मिलेगा बकाया पेंशन एरियर, क्लास-III कर्मचारियों की देनदारी होगी शून्य
HP Pensioners Relief: हिमाचल प्रदेश के पेंशनरों के लिए आने वाला अक्टूबर महीना राहत लेकर आ रहा है। लंबे समय से अपने बकाया पेंशन एरियर का इंतजार कर रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को राज्य सरकार वित्तीय लाभ प्रदान करने जा रही है।सरकार के फैसले के तहत 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए क्लास-III पेंशनरों को अक्टूबर माह में बकाया पेंशन एरियर का 30 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा। इस भुगतान के साथ ही क्लास-III पेंशनरों के एरियर की देनदारी पूरी तरह शून्य हो जाएगी। इसके अलावा, इसी अवधि (1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022) के दौरान सेवानिवृत्त हुए क्लास-I और क्लास-II पेंशनरों को भी राहत देते हुए उनके एरियर का अतिरिक्त 15 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा। सरकार के इस कदम से पात्र पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को सीधे आर्थिक लाभ मिलेगा।
सितंबर की पेंशन के साथ होगा एरियर का भुगतान
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि पूर्व में अदा की जा चुकी अंतरिम राहत (Interim Relief) और महंगाई राहत (Dearness Relief) की किस्तों को सकल पेंशन या पारिवारिक पेंशन के बकाया भुगतान में समायोजित किया जाएगा। नियमानुसार जो भी स्वीकार्य राशि बनेगी, उसका समयबद्ध भुगतान किया जाएगा।प्रवक्ता के अनुसार, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों सहित सभी पेंशन वितरण प्राधिकरणों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्राधिकरणों को स्पष्ट कहा गया है कि सितंबर महीने की पेंशन और पारिवारिक पेंशन (जिसका भुगतान अक्टूबर में होना है) के साथ ही एरियर की इस स्वीकार्य राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
सरकार ने दोहराई प्रतिबद्धता
प्रदेश सरकार ने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि पेंशनरों को किसी भी तरह की परेशानी न हो और बकाया राशि का समयबद्ध तरीके से निपटारा किया जाए।सरकार ने पेंशनरों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने हिमाचल प्रदेश के विकास और प्रगति में अत्यंत बहुमूल्य भूमिका निभाई है। सरकार उनके इस योगदान का सम्मान करती है और कर्मचारियों व पेंशनरों को उनके वित्तीय लाभ प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
संजू चौधरी

हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

