-
Advertisement
सरकाघाट छात्रा ह#त्याकांड शर्मसार करने वाली घटना- सीएम सुक्खू बोले- सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी
CM Sukhwinder Singh Sukhu: सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सरकाघाट में छात्रा सिया ह#त्या मामले को लेकर कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और डीजीपी को सख्त कार्रवाई के निर्देश पहले ही दिए गए थे। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी। सीएम ने दोहराया कि हिमाचल प्रदेश में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित हैं और यदि सरकार समय पर कार्रवाई ना करती, तो वह खुद दोषी होती। सीएम सुक्खू ने इस घटना पर दु:ख जताते हुए कहा कि यह हम सभी के लिए शर्मसार करने वाली घटना है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पूरी संवेदनशीलता और सख्ती के साथ की जा रही है।
कमला नेहरू हॉस्पिटल को कहीं शिफ्ट नहीं किया जा रहा
शिमला के कमला नेहरू अस्पताल को शिफ्ट करने की चर्चाओं पर भीसीएम सुक्खू ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि कमला नेहरू हॉस्पिटल को कहीं शिफ्ट नहीं किया जा रहा है। केवल गायनी विभाग को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है। सरकार ने यह फैसला मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया है। मुख्यमंत्री ने यह भी साफ किया कि केएनएच एक पुराना अस्पताल है और वहां एमएलए हॉस्टल बनाने की कोई मंशा नहीं है। कमला नेहरू हॉस्पिटल में 270 बेड की सुविधा पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी है यहां और भी बिल्डिंग बनाई जाएगी। आईजीएमसी में गायनी की आधुनिक तकनीक के साथ उपचार होगा। यहां रोबोटिक सर्जरी का लाभ भी सबसे ज्यादा गायनी मरीजों को मिलने वाला है। उन्होंने कहा- सरकार अच्छी मंशा के साथ गायनी ओपीडी को आईजीएमसी शिफ्ट कर रही है और कुछ लोग इसमे राजनीति कर रहे हैं।
भीमराव अंबेडकर के भव्य स्मारक का लोकार्पण किया
इससे पहले सीएम ने देश के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर राजधानी शिमला में डॉ. भीमराव अंबेडकर का भव्य स्मारक का लोकार्पण किया गया। इस स्मारक में मौसम प्रतिरोधी स्टेनलेस स्टील का इस्तेमाल किया गया है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अंबेडकर जयंती पर इसका लोकार्पण किया। इसके निर्माण में 20.37 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। यह मूर्ति 10 फीट चौड़ी और 15 फीट ऊंची है।
संविधान निर्माता के योगदान को याद किया
इस दौरान सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संविधान निर्माता के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्मारक स्थापित करने का उद्देश्य संविधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, युवाओं को समानता और न्याय के लिए प्रेरित करना और डॉ. अंबेडकर की लोकतांत्रिक सुधारों में वैश्विक भूमिका को सम्मान देना है। इसके साथ ही यह स्मारक सांस्कृतिक पहचान और नागरिक गर्व को भी मजबूत करेगा और भविष्य में एक शैक्षणिक स्थल के रूप में विकसित होगा।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

