- Advertisement

शिमला पुलिस में हड़कंप, काम में कोताही बरतने पर नपे न्यू शिमला के थाना प्रभारी
Shimla Police: राजधानी शिमला में पुलिस प्रशासन ने विभागीय कामकाज को दुरुस्त करने और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कड़ा रुख अपना लिया है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में शिमला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यू शिमला थाना के एसएचओ (SHO) को निलंबित कर दिया है।
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने इस निलंबन की पुष्टि की है। उन्होंने पुलिस विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि वे अपना कार्य पूरी तरह से पेशेवर (प्रोफेशनल) ढंग से करें। एसएसपी ने कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की कोताही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कामकाज सुचारू रखने के लिए छुट्टियों पर नया नियम
थानों और चौकियों में जांच और आम जनता से जुड़े कामकाज सुचारू रूप से चलते रहें, इसके लिए पुलिस विभाग ने एक अहम फैसला लिया है। अब से थानों और चौकियों में तैनात कुल स्टाफ के 10 फीसदी से अधिक कर्मचारियों की एक साथ छुट्टी पर जाने पर रोक लगा दी गई है, ताकि स्टाफ की कमी के कारण पुलिस की कार्यप्रणाली प्रभावित न हो।
लगातार हो रही है कार्य की समीक्षा
पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों के कार्य का समय-समय पर बारीकी से आकलन कर रहा है। विशेष रूप से अन्वेषणाधीन (जांच के अधीन) मामलों में ढिलाई बरतने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।काम में लापरवाही बरतने वाले कई कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। इस सख्त एक्शन से शिमला पुलिस महकमे में एक स्पष्ट संदेश गया है कि जवाबदेही और पेशेवर रवैये के साथ समझौता करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

