-
Advertisement
ठियोग के बहानी में पुलिस की ‘सर्जरी’: तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी, 8 किलो चरस बरामद
Shimla Police: नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम नेठियोग उपमंडल के बहानी गांव में एक साथ तीन अलग-अलग घरों पर दबिश देकर करीब आठ किलोग्राम चरस की बड़ी खेप बरामद की है। इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नशा तस्करी को लेकर एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने एक विशेष रणनीति तैयार की। चूंकि आरोपी एक-दूसरे को सतर्क कर सकते थे, इसलिए पुलिस की अलग-अलग टीमों ने तड़के एक ही समय पर तीनों चिन्हित ठिकानों पर छापेमारी की।
तीनों ठिकानों से बरामदगी
पहला ठिकाना: पुलिस ने सबसे पहले श्याम सिंह के घर की तलाशी ली, जहां से 1.7 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
दूसरा ठिकाना: लक्ष्मी नंद के आवास पर की गई तलाशी के दौरान करीब 900 ग्राम चरस मिली।
तीसरा ठिकाना: सबसे बड़ी बरामदगी हरि वल्लभ के घर से हुई। यहां से पुलिस को 5.5 किलोग्राम चरस के साथ-साथ 1,05,690 रुपये नकद और चरस तौलने वाली एक इलेक्ट्रॉनिक मशीन भी मिली है।तीनों घरों से बरामद की गई कुल चरस का वजन करीब 8 किलोग्राम है।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना ठियोग में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 20 के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि चरस की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन जगहों पर सप्लाई किया जाना था। इसके लिए आरोपियों के कॉल डिटेल्स और संभावित संपर्कों को खंगाला जा रहा है।
एसपी, शिमला गौरव सिंह के अनुसार पुलिस का मुख्य फोकस अब बड़े नशा तस्करों और उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने पर है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।
संजू चौधरी
