-
Advertisement
हिमाचल में 18 करोड़ का यह हेलीपोर्ट किसी काम का नहीं, यह है बड़ी वजह
शिमला। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jairam Thakur) द्वारा अढ़ाई महीने पहले किए गए संजौली हेलीपोर्ट के उद्घाटन के बाद भी अभी तक उड़ानें शुरू नहीं हो पाई हैं। शिमला (Shimla) के बहु प्रतीक्षित संजौली हेलीपोर्ट पर 18 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं, लेकिन उद्घाटन के अढ़ाई महीने बाद भी डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) की अनुमति नहीं मिल पाई है। पर्यटन विभाग ने इस साल की शुरुआत में 12 जनवरी को सीएम के हाथों इस हेलीपोर्ट (Heliport) का उद्घाटन करवाया था। करीब अढ़ाई महीने बाद भी डीजीसीए की मंजूरी न मिलने के कारण हेलीपोर्ट से उड़ानें शुरू नहीं हो पाई हैं।
यह भी पढ़ें:शिमला-धर्मशाला हेली टैक्सी का किराया 20 फीसदी हुआ कम, सरकार ने दी राहत
केंद्र सरकार के स्वदेश दर्शन कार्यक्रम में हिमालयन सर्किट (Himalayan Circuit) के अंतर्गत 12.13 करोड़ और केंद्र सरकार की उड़ान-2 योजना में 6 करोड़ की लागत से ढली संजौली बाईपास पर शिमला का पहला सरकारी हेलीपोर्ट तैयार किया गया है। यह हेलीपोर्ट शिमला के लिए न सिर्फ टूरिस्ट कनेक्टिविटी (Tourist Connectivity) के लिहाज से महत्वपूर्ण है, बल्कि प्रदेश के सबसे बड़े आईजीएमसी अस्पताल (IGMC Hospital) के नजदीक होने के चलते आपातकालीन सेवाओं के लिए भी कारगर साबित हो सकता है। 10.3 बीघा भूमि में बना यह तीन मंजिला हेलीपोर्ट सीसीटीवी कैमरों से लैस है और इसमें यात्रियों के लिए आधुनिक वेटिंग रूम के अलावा 50 वाहनों की पार्किंग भी बनाई गई है। हेलीपोर्ट से उड़ाने शुरू न होने के कारण शिमला के पर्यटन कारोबारी खासे मायूस हैं। समर टूरिस्ट सीजन के दौरान अगर इस हेलीपोर्ट से उड़ाने शुरू हो जाएं तो हेलीकाप्टर के जरिए हाई एंड टूरिस्ट के शिमला आने से पर्यटन कारोबार में तेजी आ सकती है।
यह भी पढ़ें:शिमला को मिला अपना हेलीपोर्ट, क्या- क्या होगी यहां सुविधाएं पढ़ें
डीजीसीए से जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद
पर्यटन विभाग के निदेशक अमित कश्यप (Director Of Tourism Department Amit Kashyap ) ने बताया कि संजौली हेलीपोर्ट से उड़ाने शुरू करने के लिए डीजीसीए से अनुमति मांगी गई है। इसी महीने निजी तौर पर भी डीजीसीए कार्यालय में जा कर मंजूरी देने का आग्रह किया है। उम्मीद है डीजीसीए की टीम जल्द ही हेलीपोर्ट का निरीक्षण करने के बाद अनुमति दे देगी।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page



