-
Advertisement

Shimla में 15 साल बाद जनवरी में नहीं गिरी बर्फ, जाने प्रदेश में अब कब होगा Snowfall
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला (Shimla) में 15 साल बाद जनवरी महीने में बर्फबारी (Snowfall) नहीं हुई है। हर साल जनवरी माह में बर्फबारी होती थी, लेकिन इस बार अब तक पूरे महीने में बर्फबारी नहीं हुई है। मौसम विभाग ने भी अगले 31 जनवरी तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान लगाया है। जिससे साफ जाहिर है कि पूरा जनवरी माह बिना बर्फबारी के ही गुजर जाएगा। हालांकि इससे पर्यटन कारोबार (Tourism Business) को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। प्रदेश में काफी संख्या में बाहरी राज्यों और विदेशों से पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। हिमाचल में मौसम विज्ञान केंद्र शिमला (Meteorological Center Shimla) ने पहली फरवरी तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। इससे पहले वर्ष 2007 में जनवरी का महीना बिना बर्फबारी के गुजरा था। साल 2020 में राजधानी शिमला में जनवरी के दौरान छह बार बर्फबारी हुई थी।
यह भी पढ़ें: बिगड़ा मौसमः पहाड़ों पर बिछ गई बर्फ की चादर, शीतलहर की चपेट में हिमाचल
शिमला शहर में बीते साल जनवरी में 69.4 सेंटीमीटर हिमपात रिकॉर्ड हुआ था। बीते 19 सालों में से सिर्फ सात साल ही जनवरी में अच्छी बर्फबारी हुई है। 11 सालों के दौरान 10 सेंटीमीटर से ज्यादा शिमला में जनवरी के दौरान बर्फ नहीं गिरी। शिमला में साल 2005 के नवंबर, दिसंबर और साल 2006 के जनवरी, फरवरी और मार्च महीने में बिल्कुल भी बर्फबारी नहीं हुई। साल 2007 में जनवरी में बर्फबारी नहीं हुई। साल 2009-10 में सिर्फ नाममात्र 1.8 सेंटीमीटर पूरे सीजन में दर्ज की गई। साल 1995 में नवंबर महीने के दौरान शिमला में बर्फ गिरी थी। उस समय 7.8 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। इसके बाद से अभी तक नवंबर में बर्फबारी नहीं हुई है। साल 1992 में भी नवंबर में 4 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई थी। साल 2019 के जनवरी महीने में 7.3 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज हुई थी।