-
Advertisement
ठंड के आगोश में हिमाचल: ऊंचे पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश
शिमला/संजू। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में येलो अलर्ट के बीच मौसम (Weather) का मिजाज बदला हुआ है। 30 नवंबर यानी गुरुवार के दिन हिमाचल में मौसम खराब बना हुआ है। प्रदेश की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात (Fresh Snowfall) और मैदानी इलाकों में बारिश (Rain) जारी है। हिमाचल ठंड के आगोश में लिपट गया है। वहीं, किसान (Farmers) बारिश को फसलों के लिए बेहतर मान रहे हैं।
कांगड़ा में सुबह से हल्की बारिश और घने बादल
राजधानी शिमला (Shimla) में सुबह से आसमान में काले बादल छाए हुए हैं, ठंड भी तीखी हो गई है। लोगों को ठंड से बचने के लिए आग का सहारा लेना पड़ रहा है। जिला कांगड़ा (Kangra) में सुबह से ही हल्की बारिश के साथ काले घने बादलों ने डेरा डाला हुआ है। धौलाधार की उंची पहाड़ियों पर भी ताजा हिमपात हुआ है। जिला मंडी के धर्मपुर और कुल्लू में भी आज सुबह बारिश हुई है। मनाली (Manali) के पास अटल-टनल और लाहौल-स्पीति के कोकसर और रोहतांग में ताजा हिमपात हुआ है।

गेहूं की फसल के लिए बारिश बनी रामबाण
वहीं, हमीरपुर (Hamirpur) जिला में बारिश के कारण किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। किसानों ने बारिश को गेहूं की फसल (Wheat Crop) के लिए रामबाण बताया है। बारिश होने के कारण जहां लोगों को शुष्क ठंड से निजात मिली है। वहीं बारिश होने से रबी सीजन की फसलों को लाभ मिलेगा। हमीरपुर में बारिश होने के कारण तापमान (Temperature) में गिरावट आई है। वहीं किसानों ने बताया कि बारिश होने से लहसुन, गोभी, मूली, शलगम, आलू, मटर और पालक इत्यादि की फसलों को भी लाभ मिलेगा।
यह भी पढ़े:हिमाचल: कल से बदलने वाला है मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश का अलर्ट
2 दिसंबर से मौसम साफ़ रहने की उम्मीद
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला (Meteorological Center Shimla) के वैज्ञानिक संदीप कुमार ने बताया कि बीते कल से जिला ऊना, बिलासपुर, मंडी, शिमला में कुछ स्थानों पर बारिश हुई है। आज कुल्लू, चंबा, लाहुल स्पीति, किन्नौर की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी व प्रदेश के मध्यवर्ती स्थानों पर कुछ जगह बारिश की संभावना हैं। इससे दिन के तापमान में चार से छह डिग्री तक गिरावट आई है। 2 दिसंबर से पूरे राज्य में मौसम साफ़ रहने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि कल्पा में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री जबकि शिमला का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
