-
Advertisement
लाहुल लैंडस्लाइड: चंंद्रभागा नदी में आई बाढ़ के चलते तडंग निवासियों की तंबू में कटी रात
लाहुल-स्पीति। हिमाचल के लाहुल में शुक्रवार को चंद्रभागा नदी (Chandrbhaga River) के पास भारी लैंडस्लाइड (Landslide) हुआ था। पहाड़ का मलबा नदी के बीच जाकर गिर गया, जिस कारण नदी मार्ग अवरूद्ध हो गया। वहीं, आसपास के इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई थी। खतरे को देखते हुए चंद्रभागा नदी के पास बसे तडंग गांव (Tadang Village) को एहतियातन खाली करवा लिया। हालांकि, अब हालात सामान्य हो रहे हैं, लेकिन कुछ प्रभावित परिवारों के घरों में पानी भर गया है। रमेश लाल और प्रेम के मकान भी पानी की चपेट में आ गए हैं। बताया जा रहा है कि प्रेम पिछले कुछ साल से जुंडा गांव में रहते हैं, लेकिन उनका पुराना मकान जलमग्न हो गया है। जिस कारण शुक्रवार रात उन्हें तंबू में गुजारना पड़ा। वहीं, बाढ़ प्रभावित प्रेम लाल, सुखदास और राजेंद्र ने बताया कि यदि रात के समय ऐसी आपदा आई होती तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। उन्होंने बताया कि सरकार और प्रशासन ने रहने और खाने-पीने की उचित व्यवस्था की है।
घर में रखे राशन को बहा ले गई बाढ़
प्रेम लाल ने बताया कि बाढ़ के कारण घर के कई हिस्सों में दरार आई हैं। लगभग दस साल के लिए सर्दियों के लिए एकत्रित लकड़ी भी बह गई है। फसल और घर में रखे सामान भी पानी अपने साथ बहा ले गई। इधर, शनिवार सुबह राजस्व विभाग की टीम ने शनिवार को प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। टीम बाढ़ से हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने में जुटी हुई है। वहीं, तकनीकी शिक्षा मंत्री रामलाल मारकंडा ने कहा कि सरकार प्रभावित परिवार के साथ है।