-
Advertisement
किन्नौर लैंडस्लाइड: आज छह शव मिले, 23 पहुंची मृतकों की संख्या, लापता की सूची जारी
Last Updated on August 14, 2021 by Vishal Rana
रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला के निगुलसरी में हुए लैंडस्लाइड (Landslide) के आज चौथे दिन सुबह रेस्क्यू अभियान शुरू होने के बाद अभी तक छह शव (Dead Body) बरामद हुए है। इन में एक महिला व पांच परुषों के शव है। इसके साथ ही मृतकों की संख्या अब 23 तक पहुंच गई है। अब सिर्फ पांच लोग ही लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी प्रशासन ने सूची जारी कर दी है। बचाव दलों ने सुबह के समय दो शवों को निकाला। इसके बाद घटनास्थल पर पत्थर गिरने की वजह से सर्च ऑपरेशन बार-बार बाधित होता रहा। हालांकि, शाम पांच बजे तक चार और शवों को निकाल लिया गया। सभी शवों की पहचान कर उनके परिजनों को सौंप दिए हैं। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 20-20 हजार रुपये की राशि दी है। डीसी आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि जब तक लापता व्यक्तियों की तलाश पूरी नहीं हो जाती, सर्च अभियान जारी रहेगा।
ये भी पढ़ेः हिमाचल: सिरमौर के बाद अब यहां हवा में लटकी बस, अटक गई सांसें
पत्थरों और मिट्टी के बीच दबे लोगों को खोजने के लिए जिला प्रशासन ने खुदाई मशीन को भी लगाया है। 200 मीटर खड़ी चढ़ाई पर सड़क बनाकर दोनों तरफ से लापता (Missing) लोगों को खोजा जा रहा है। सर्च अभियान में जुटीं टीमों के लिए सतलुज जल विद्युत निगम खाने-पीने की व्यवस्था कर रहा है। लापता लोगों के परिजनों के ठहरने की भी व्यवस्था की गई है। हर तरफ हृदयविदारक माहौल है। मलबे में दबे लोगों को जिंदा होने की उम्मीद बहुत कम है। मलबे में कोई भी शव मिलने के बाद वहां अपनों के इंतजार में बैठे लोगों की धुकधुकी बढ़ जाती है। शुक्रवार को जैसे ही दो शवों के मिलने की सूचना मिली तो अधिकतर लापता लोगों के परिजन अस्पताल के बाहर पहुंच गए। जैसे ही शव आ रहे हैं शिनाख्त के लिए उनकी धड़कनें बढ़ जाती हैं। आंखों से निरंतर आंसू बहना शुरू हो जाते हैं। हर कोई मलबे से सकुशल निकलने की दुआएं कर रहा है। हालांकि, हादसे के दिन बढ़ने के साथ धीरे-धीरे लोगों की उम्मीद टूट रही है।
यह लोग अभी भी हैं लापता
सूर्यावंश गांव ननसपों तहसील निचार जिला किन्नौर, मेहर चंद गांव टिकरी डाकघर खरगा तहसील निरमंड, संतोष कुमारी पत्नी रमेश चंद गांव सुगरा तहसील निचार, ज्वाला देवी पत्नी उमेश गांव बरी तहसील निचार, बलराम कुमार गांव एवं डाकघर देहलान जिला ऊना
शनिवार को निकाले गए मृतकों की सूची
प्रभु लाल गांव एवं डाकघर उरनी जिला किन्नौर, गगत ओली गांव सलयान निवासी नेपाल, गुलांछी पत्नी अरुण कुमार गांव एवं डाकघर रामनी तहसील निचार जिला किन्नौर, दलीप सिंह गांव व डाकघर ज्ञाबूंग तहसील पूह जिला किन्नौर, खेमलाल गुरंग निवासी नेपाल, बिराज नाथ गांव कोटनगर जिला रूकाम निवासी नेपाल