-
Advertisement
चोरों की अनोखी दावत: पहले पकाई मिड-डे मील की खिचड़ी, फिर बर्तन चुराकर हुए फरार
Shimla News: शिमला में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक अनोखा और हैरान करने वाला मामला छोटा शिमला के तहत शिवपुरी स्थित एक सरकारी स्कूल से सामने आया है। यहां घुसे चोरों ने ना सिर्फ स्कूल में सेंधमारी की, बल्कि बड़े आराम से बच्चों के मिड-डे मील (Mid-Day Meal) के राशन से खिचड़ी पकाई, पेट भर खाई और जाते-जाते कीमती बर्तन भी चुरा ले गए।
सरकारी छुट्टी का उठाया फायदा
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने स्कूल में सरकारी अवकाश का पूरा फायदा उठाया और सूनेपन के बीच परिसर में घुसपैठ की। रसोई घर में रखे मिड-डे मील के राशन का इस्तेमाल कर उन्होंने पतीले में बाकायदा खिचड़ी बनाई। वारदात को अंजाम देने के बाद अगली सुबह जब स्कूल का स्टाफ ड्यूटी पर पहुंचा, तब जाकर इस अजीबोगरीब चोरी का खुलासा हुआ।
स्कूल से चोरी किया सामान , पुलिस जांच में जुटी
खाना खाने के बाद चोरों ने स्कूल की रसोई से तीन थालियां,दो पतीले, एक पूरा डिनर सेट, एक गैस बर्नर और एक कढ़ाई पर हाथ साफ किया। स्टाफ द्वारा सूचना दिए जाने के बाद छोटा शिमला थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन की लिखित शिकायत दर्ज कर ली है। फिलहाल, चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर खलीनी स्कूल के प्रिंसिपल और क्लस्टर हेड अजय वशिष्ठ ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया और पुलिस को आवश्यक जानकारी प्रदान की।
चारदीवारी का ना होना सुरक्षा में बड़ी सेंध
शिवपुरी क्षेत्र में चोरी की यह कोई पहली वारदात नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी इलाके में ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके बाद प्रशासन से रात्रि गश्त (Night Patrolling) बढ़ाने की मांग की गई थी। इसके अलावा, स्कूल में चारदीवारी (Boundary Wall) का न होना सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी खामी माना जा रहा है, जिससे असामाजिक तत्वों को आसानी से अंदर घुसने का मौका मिल जाता है।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

