-
Advertisement
Corona Update: हिमाचल में आज आए 12 नए मामले, 17 लोग हुए ठीक
Last Updated on June 13, 2020 by saroj patrwal
शिमला/धर्मशाला। हिमाचल में आज कोरोना (Corona) पॉजिटिव के 12 नए मामले सामने आए हैं। हमीरपुर (Hamirpur) से पांच, सिरमौर से तीन, कांगड़ा (Kangra) जिला से दो, चंबा से एक और सोलन से एक मामला सामने आया है। वहीं, आज 17 मरीज ठीक हुए हैं। इसमें बिलासपुर से तीन, चंबा से दो, हमीरपुर से सात, कांगड़ा से चार, मंडी से एक मरीज ठीक हुआ है। हिमाचल में अब कुल मामले 486 हो गए हैं। अभी 176 एक्टिव मामले हैं। 297 लोग ठीक हुए हैं। हिमाचल में अभी तक छह लोगों की मृत्यु हुई है।
1198 सैंपल में से 1054 नेगेटिव
हिमाचल में आज 1198 सैंपल में से 1054 नेगेटिव (Negative) रहे हैं। 141 की रिपोर्ट का इंतजार है। आज के सैंपल में तीन पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। बाकी मामले पेंडिंग सैंपल से हैं। आज के सैंपल में कांगड़ा जिला से दो और सिरमौर (Sirmaur) से एक मामला सामने आया है। हिमाचल में अब तक 51420 लोगों के सैंपल जांच को लिए जा चुके हैं। इसमें 50793 नेगेटिव रहे हैं। 486 ही पॉजिटिव आए हैं। अब तक 48644 लोगों को निगरानी पर रखा जा चुका है। इसमें 29139 लोग 28 दिन का निगरानी पीरियड पूरा कर चुके हैं। 19505 अभी निगरानी में हैं।
कांगड़ा जिला में कोरोना के दो नए मामले, आज तीन मरीज हुए ठीक
कांगड़ा जिला में कोरोना पॉजिटिव के दो नए मामले सामने आए हैं। लाहड़ू खुड़ियां का 56 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। व्यक्ति 2 जून को रोहणी दिल्ली से आया है। होम क्वारंटाइन में था। व्यक्ति अकाउंटेंट है व मधुमेह का मरीज है। वहीं मझेठली पठियारा का 71 वर्षीय बुजुर्ग भी पॉजिटिव पाया गया है। बुजुर्ग दो दिन पहले अमृतसर से लौटा है। साथ ही बीपी का मरीज है। दोनों को जोनल अस्पताल धर्मशाला (Dharamshala) शिफ्ट किया जा रहा है। दो मामले आने की पुष्टि डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति (DC Kangra Rakesh Prajapati) ने की है।
ये भी पढ़ेंः BJP में घमासानः धवाला का फूंका पुतला, विधायक की बयानबाजी पर पार्टी करेगी कार्रवाई
वहीं, आज कांगड़ा जिला के तीन मरीज ठीक भी हुए हैं। बैराघट्टा आलमपुर का मरीज ठीक हुआ है। उक्त व्यक्ति जोनल अस्पताल धर्मशाला में उपचाराधीन है। उसे घर भेजा जा रहा है। अगले सात दिन होम आइसोलेशन में रहेगा। सुनेहड़ की 52 वर्षीय महिला और भनियारा छतरी की 22 वर्षीय युवती कोरोना से जंग जीत गई हैं। इन्हें कोविड (Covid) केयर सेंटर बैजनाथ से घर भेजा जा रहा है। अगले सात दिन दोनों होम आइसोलेशन में रहेंगी। वहीं अब कांगड़ा जिला में कुल मामले 128 हो गए हैं। एक्टिव केस 55 रह गए हैं। 70 लोग ठीक हुए हैं और एक की मृत्यु हुई है।
ये भी पढ़ेंः TET का शेड्यूल जारी, जाने किस दिन होगी परीक्षा- कब से करें आवेदन
हमीरपुर में एक ही परिवार के चार लोग संक्रमित, एक नजदीकी रिश्तेदार
हमीरपुर जिला में आज कोरोना वायरस कोविड-19 संक्रमित पांच और व्यक्तियों की पुष्टि हुई है। इनमें दो महिलाएं, दो बच्चे एवं एक अन्य व्यक्ति शामिल है। यह सभी झांसी से लौटे और यहां कोरोना संक्रमित पाए गए एक व्यक्ति के प्राथमिक संपर्क हैं। संक्रमित व्यक्तियों को समर्पित कोविड केयर सेंटर (Covid Care Center) भेजा जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि इनमें सुजानपुर तहसील के छनेर क्षेत्र की 34 वर्षीय महिला व उसका 10 वर्षीय बेटा, 59 वर्षीय बुजुर्ग एवं उनकी 57 वर्षीय पत्नी एवं एक 9 वर्षीय बच्ची शामिल है। इनमें से प्रथम चार गत 9 जून को संक्रमित पाए गए व्यक्ति के परिजन हैं और बच्ची भी उसकी नजदीकी रिश्तेदार है। यह व्यक्ति झांसी से 29 मई को लौटा था और गृह-संगरोध में रखा गया था। गत 9 जून को संक्रमण की पुष्टि के उपरांत इस व्यक्ति को कोविड केयर सेंटर भेजा गया था। इस व्यक्ति की पत्नी व बेटा उसके साथ ही झांसी से लौटे थे और उसके माता-पिता व एक अन्य बच्ची भी उसके प्राथमिक संपर्कों में शामिल हैं।
पंजाब से लौटा भरमौर क्षेत्र का युवक निकाला संक्रमित
चंबा। जिला में कोरोना का एक और नया मामला सामने आया है। भरमौर क्षेत्र के स्वास्थ्य खंड चूड़ी के तहत रैंडम सैंपलिंग में यह युवक पॉजिटिव निकला। कुंर क्षेत्र का रहने वाला 22 वर्षीय यह युवक कुछ दिन पहले ही पंजाब से लौटा है तथा इसे होम क्वारंटाइन (Home Quarantine) किया गया था। बुधवार को उक्त युवक का रैंडम सैंपल लिया गया था तथा जांच के लिए भेजा गया था। आज उक्त युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग (Health Department) को जैसे ही युवक के पॉजिटिव होने की सूचना मिली तो इसे जिला कोविड-19 केयर सेंटर बालू शिफ्ट किया जा रहा है। इसके साथ ही जिला चंबा में अब कोरोना के एक्टिव के 11 हो गए हैं।
कालाअंब में दो कोरोना पॉजिटिव, हिमालयन कॉलेज में थे क्वारंटाइन
नाहन। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में शुक्रवार शाम दो नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। अब जिला सिरमौर में कोरोना पॉजिटिव लोगों आंकड़ा 25 पहुंच गया है, जिसमें 14 एक्टिव हैं। जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार कालाअंब में सामने आए दो केस ओरिसन फार्मा के संक्रमित कर्मचारियों के संपर्क में आए थे। प्रशासन ने इन लोगों को हिमालयन कॉलेज के संस्थागत क्वारंटाइन में रखा था। इनके सैंपल गुरुवार को सीआरआई (CRI) कसौली भेजे गए थे, जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार दोपहर को आई।
इसके बाद फिर इनके सैंपल दोबारा से रिपीट किए गए। इसमें दो व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें एक की आयु 28 वर्ष है तो दूसरे की 33 साल है। डीसी सिरमौर डॉ. आरके परुथी ने बताया कि पॉजिटिव आए दोनों व्यक्तियों को कोविड-19 सेंटर त्रिलोकपुर में शिफ्ट किया जा रहा है। जिला सिरमौर से आज 116 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे जिनमें 94 की रिपोर्ट नेगेटिव और एक कि रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि 21 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। पॉजिटिव आया व्यक्ति 27 वर्ष का है जो एक धौलाकुआं के एक लोहा उद्योग में लेबर का काम करता था और 8 जून को धौलाकुआं तहसील पावटा साहिब पहुंचा था। इस व्यक्ति का सैंपल 11 जून को लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट आज आई है। पॉजिटिव व्यक्ति को त्रिलोकपुर के कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया जा रहा है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group