-
Advertisement
भरमौर में दर्दनाक हादसा: 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार, तीन लोगों की मौके पर मौ#त, दो गंभीर
Chamba Accident: चंबा जिला के जनजातीय उपमंडल भरमौर से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शनिवार को यहां एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस हादसे ने एक झटके में तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। दुर्घटना के बाद से पूरे भरमौर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
अनियंत्रित होकर 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सामरा-उरेई लिंक रोड पर ‘सारणी का नाला’ के समीप पेश आया। एक ऑल्टो कार (जिसमें कुल पांच लोग सवार थे) लूणा से वाया सामरा होकर रूहनुकोठी की ओर जा रही थी। जैसे ही कार सारणी का नाला के पास पहुँची, चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। नियंत्रण खोते ही कार अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में लुढ़कते हुए सीधे नीचे नाले में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, दो घायलों को निकाला बाहर
कार के खाई में गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। नाले में कार की हालत और चीख-पुकार देखकर ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भारी मशक्कत के बाद कार के मलबे से घायलों को बाहर निकाला। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो लोग गंभीर रूप से जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे थे। ग्रामीणों ने तुरंत दोनों घायलों को इलाज के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चंबा भिजवाया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने कब्जे में लिए शव, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
एसपी चंबा का बयान
SP विजय कुमार सकलानी ने कहा भरमौर में हुए इस सड़क हादसे में तीन लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का मेडिकल कॉलेज चंबा में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
राहुल कुमार
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

