- Advertisement

चंबा-साहो मार्ग पर दर्दनाक हादसा: मिंजर मेले की पहली नाइट देखकर लौट रहे थे 2 दोस्त, नदी में समाई बाइक
Chamba Accident: चंबा-साहो मार्ग पर देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या देखकर घर लौट रहे दो युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी साल नदी में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय निवासियों की मुस्तैदी से एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरा युवक नदी के तेज बहाव में बह गया है, जिसकी तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मिंजर मेले से लौटते वक्त रात हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, चंबा के सरू गांव के रहने वाले दो दोस्त— शुभम (20) पुत्र अनिल कुमार और सक्षम (21) रविवार रात अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की पहली सांस्कृतिक नाइट का आनंद लेने आए थे।रात करीब 11:00 बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से अपने घर सरू की तरफ लौट रहे थे। जैसे ही वे चंबा-साहो मार्ग पर बालू के समीप पक्काटाला मोहल्ला पहुंचे, उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे 150 मीटर गहरी साल नदी में जा गिरी।
स्थानीय लोगों ने रस्सी के सहारे शुभम को बचाया
हादसे के वक्त पक्काटाला मोहल्ला के स्थानीय लोगों ने बाइक को नदी में गिरते देखा और युवकों की चीख-पुकार सुनी। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए तुरंत पुलिस को सूचना दी और खुद भी मदद के लिए आगे आए।स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद रस्सी के सहारे शुभम को तो सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन सक्षम नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी में लापता हो गया।घ टना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम देर रात ही मौके पर पहुंच गई थी। सोमवार सुबह से ही एनडीआरएफ (NDRF) अग्निशमन विभाग (Fire Department) स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें साल नदी के मुहाने और आसपास के तटीय क्षेत्रों में लापता सक्षम की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर खोज अभियान चला रही हैं।
एसपी चंबा का आधिकारिक बयान
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। एक युवक को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि लापता दूसरे युवक की तलाश के लिए NDRF और पुलिस की टीमें साल नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी गहनता से जांच की जा रही है।
रविंद्र चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

