-
Advertisement
दो महीने बाद चली मंडी-कुल्लू रूट पर वॉल्वो बस, सफल रहा ट्रायल
मंडी। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे (Chandigarh Manali NH) पर मंडी से कुल्लू के बीच जल्द ही वॉल्वो बस सेवा शुरू होने के आसार बन गए हैं। दो महीने से बंद पड़े इस रूट पर वॉल्वो बस (Volvo Buses) के संचालन का शनिवार को सफलतापूर्वक ट्रायल किया गया। ट्रायल (Trial) पंडोह के पास बनाए गए उस वैकल्पिक रास्ते (Alternative Road) पर हुआ, जहां दो बसों के क्रॉस करने को लेकर संशय था।
एसडीएम सदर ओमकांत ठाकुर, एएसपी मंडी सागर चंद्र, HRTC के आरएम पीयूष शर्मा और लोक निर्माण विभाग के एसडीओ की संयुक्त टीम की मौजूदगी में हुआ यह ट्रायल सफल रहा। पहले इस वैकल्पिक मार्ग से बड़े वाहन और रूटीन की बसें तो भेजी जा रही थीं, लेकिन वॉल्वो बसों की सेवाएं बंद थी। एएसपी मंडी सागर चंद्र ने बताया कि वॉल्वो बसों को चलाने के लिए प्रशासन की तरफ से अलग से आदेश जारी किए जाएंगे। वॉल्वो बसों को सिर्फ दिन के समय सुबह 5 बजे से शाम 7 बजे के बीच चलाया जाएगा। रात को बसों के जाने की अनुमति नहीं होगी। अभी शुरूआती दौर में कुछ बसों को चलाने की अनुमति होगी, क्योंकि पंडोह के पास ट्रैफिक को रोक-रोककर भेजा जाता है।
यह भी पढ़े:सैलानियों से फिर गुलज़ार हुए पहाड़, होटलों की बुकिंग पर मिल रही भारी छूट
9 जुलाई से बंद है वॉल्वो बस
बता दें कि जब 9 और 10 जुलाई को कुल्लू जिला में भारी बारिश (heavy Rain in Kullu) के कारण भयंकर त्रासदी आई थी तो उस दिन के बाद से इस रूट पर वॉल्वो बसों को नहीं चलाया जा सका है। इसके बाद हाईवे की हालत इतनी खस्ता हो गई थी कि बसों को चला पाना संभव ही नहीं था। बाद में 12, 13 और 14 अगस्त को मंडी जिले में हुई भारी बारिश ने रही-सही कसर को पूरा कर दिया था। अब मौसम के साथ देने के बाद स्थितियां धीरे-धीरे सामान्य होती जा रही हैं। ऐसे में दो महीनों के बाद वॉल्वो बसों के चलने का दौर फिर शुरू होने जा रहा है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

