-
Advertisement
HPSSC हमीरपुर की महिला कर्मचारी अढ़ाई लाख रिश्वत लेते धरी, विजिलेंस ने की कार्रवाई
Last Updated on December 24, 2022 by saroj patrwal
हमीरपुर। हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिला में रिश्वत का बड़ा मामला सामने आया है। हमीरपुर जिला में विजिलेंस (Vigilance) ने एक महिला कर्मचारी को अढ़ाई लाख की रिश्वत (Bribe) लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर (Himachal Pradesh Staff Selection Commission Hamirpur) में तैनात है। विजिलेंस ने शुक्रवार को कर्मचारी चयन आयोग के कार्यालय में दबिश दी और महिला को रिश्वत लेते पकड़ा। विजिलेंस की कार्रवाई अभी भी जारी है। बताया जा रहा है कि रिश्वत आरोपी महिला कर्मचारी आयोग के एक बड़े पद पर आसीन है।
यह भी पढ़ें:पुलिस भर्ती के बाद अब JOA IT का पेपर लीक, हमीरपुर में 4 लाख में बेचा गया पेपर
मिली जानकारी के अनुसार विजिलेंस को इस महिला कर्मचारी पर लंबे समय से शक था। आंसर शीट को जांचने के मामले में भी महिला कर्मचारी पिछले काफी समय से चर्चा में रही थी। आज यानी शुक्रवार को विजिलेंस की टीम (Vigilance Team) ने आरोपी महिला के हाउस बोर्ड कॉलोनी स्थित क्वार्टर पर भी दबिश दी। विजिलेंस को महिला के घर में कंप्यूटर मिले हैं। जिन्हें टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है। विजिलेंस इन कंप्यूटरों को खंगालेगी। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आयोग के कुछ जिम्मेदार लोगों को भी विजिलेंस डिटेन कर रही है। फिलहाल अभी जांच जारी है।
महिला कर्मचारी ने ही लीक किया था जोओए आईटी का पेपर
बताया जा रहा है कि इसी महिला कर्मचारी ने जेओए आईटी का पेपर लीक किया था। उसने इस पेपर को 4 लाख में बेचा था। इस काम में उसका बेटा भी शामिल है। जिसे विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया है।
महिला के दोनों बेटे भी आयोग कार्यालय के माध्यम से ही हुए हैं भर्ती
वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त महिला के दो बेटे भी कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से भर्ती हुए हैं। यह एक जेओए आईटी और दूसर किसी अन्य पद पर भर्ती हुआ है। यह भी बताया जा रहा है कि महिला के रिश्तेदारी में भी कई लोग इसी के कार्यकाल में चयनित हुए है। यह महिला 2019 से इसी ब्रांच में हैं।