-
Advertisement
हिमाचल: 17 दिन से नहीं मिला पीने का पानी, प्रदर्शन के बाद जागे विभाग ने ऐसे दूर की समस्या
लक्की शर्मा, जोगिंद्रनगर। हिमाचल में गर्मियां शुरू होते ही पीने के पानी की समस्याएं (Drinking Water Problem) सामने आने लगी हैं। ऐसा ही हाल मंडी जिला के जोंगिंद्रनगर के एक गांव का है। उपमंडल जोगिंद्रनगर के अथराह गांव में 17 दिन बीत जाने पर भी जब पीने का पानी नहीं मिला तो ग्रामीणों ने संघर्ष का रास्ता अपनाया। हालांकि उनका यह संघर्ष रंग लाया और विभाग ने तुरंत ही हैंड पंप की खराब मोटर को बदल कर लोगों को आ रही पानी की किल्लत को दूर कर दिया। बता दें कि अथराह गांव के लोागों को जब 17 दिन तक पानी नहीं मिला तो इनके सब्र का बांध टूट गया और प्यासे लोग सड़कों पर उतर आए। गांव वासियों (Villagers) ने शुक्रवार सुबह 9 बजे ही जिला परिषद सदस्य एवं हिमाचल किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष कुशाल भारद्वाज के नेतृत्व गांव में खाली बर्तनों के साथ जोरदार प्रदर्शन (Protest) किया। इस दौरान उन्होंने बंद पड़े हैंड पंप तक जलूस भी निकाला। इस दौरान कुशाल भारद्वाज ने कहा कि ग्रामीणों ने कई बार जल शक्ति विभाग से गुहार लगाई, लेकिन पानी उपलब्ध करवाने में विभाग असफल रहा। उन्होंने कहा कि लोग इस दौरान गंदे नाले का पानी पीने का मजबूर हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें:शिमला में पानी की रेगुलर सप्लाई को लेकर लोगों ने दी वॉर्निंग, उठाएंगे ये बड़े कदम
कुशाल भारद्वाज ने बताया कि पानी की समस्या बारे पता चलते ही जल शक्ति विभाग (Jal Shakti Department) से संपर्क किया गया और हेडपंप में एक अन्य पाइप भी डलवाई गई, लेकिन फिर भी पानी नहीं आया। जब विभाग ने हैंड पंप की मोटर चेक की तो पता चला कि मोटर खराब है जिसके चलते पानी नहीं आ रहा है। वहीं जब विभागीय अधिकारियों से मोटर बदलने को कहा गया तो विभाग का कहना था कि उनके पास एक्स्ट्रा मोटर उपलब्ध ही नहीं है। जबकि विभाग बैंटलू स्कीम से भी गांव वासियों को पानी का कनेक्शन देने में असफल रहा।

ऐसे में ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने आज विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर आज पानी बहाल नहीं हुआ तो कल ना केवल जल शक्ति विभाग के कार्यालय का घेराव किया जाएगाए बल्कि तालाबंदी भी की जाएगी। लोगों के प्रदर्शन के बाद सोई नींद से जागे विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों को ना सिर्फ बैंटलू स्कीम से पानी का कनेक्शन देने के लिए नई पाइपें भेज दी। बल्कि हेडपंप में नई मोटर भी डाल कर पानी को बहाल कर दिया।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page

