- Advertisement

वायनाड भूस्खलन: 6 दिन बाद मिला हिमाचल के इंजीनियर विक्रम का श#व, फतेहपुर में पसरा मातम
Wayanad landslide:केरल के वायनाड में आई भीषण त्रासदी में लापता हुए हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा (तहसील फतेहपुर) के एक इंजीनियर की मौत हो गई है। ग्राम पंचायत टकोली घिरथा के रहने वाले विक्रम (50) पुत्र रंजीत सिंह का शव लापता होने के छठे दिन रविवार दोपहर करीब 12 बजे बरामद कर लिया गया। इस खबर से पिछले छह दिनों से उनके सकुशल लौटने की आस लगाए बैठे परिवार की उम्मीदें टूट गईं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
डीबीएल कंपनी में बतौर इंजीनियर कार्यरत थे विक्रम
विक्रम डीबीएल कंपनी में बतौर इंजीनियर कार्यरत थे और काम के सिलसिले में वायनाड में मौजूद थे। परिजनों के अनुसार, 7 जुलाई की सुबह लगभग 11:09 बजे के बाद से विक्रम से परिवार का संपर्क पूरी तरह टूट गया था। इसके बाद विक्रम के भाई कुलवंत सिंह और प्रमोद राणा 8 जुलाई को खुद वायनाड पहुंच गए थे। केरल सरकार और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से चले लगातार सर्च ऑपरेशन के बाद रविवार को उनका शव बरामद हुआ।
सोमवार तक पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचने की उम्मीद
इस दुखद खबर से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बताया कि पिछले छह दिनों से घर में चूल्हा तक नहीं जला था और सब उनकी सलामती की दुआ कर रहे थे। विक्रम का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और सोमवार तक उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचने की उम्मीद है। इस हादसे से टकोली घिरथा पंचायत सहित पूरे फतेहपुर क्षेत्र में मातम छाया है। स्थानीय लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
रविंद्र चौधरी

