-
Advertisement
हिमाचल-पंजाब सीमा पर चली गोलियां- महिला की मौत, व्यक्ति घायल
ऊना। हिमाचल प्रदेश के पड़ोसी राज्य पंजाब से सटे इलाकों में आपराधिक घटनाएं बढ़ रही है। ऊना जिला में नगर पंचायत दौलतपुर चौक के अंतर्गत हिमाचल-पंजाब सीमा पर स्थित सुरंगद्वारी के नजदीक बाइक पर गोलियां बरसाने से एक महिला की मौत हो गयी है, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। आरोप है कि घायल व्यक्ति के रिश्तेदार ने ही उनपर गोलियां चलाई हैं। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
यह भी पढ़ें- हिमाचलः ऊना कॉलेज में दो गुटों में खूनी संघर्ष, रॉड, डंडे व ईंटों से दो हुए लहुलुहान
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे जिला होशियारपुर के अंतर्गत थाना गढ़दीवाला के गांव टेंटपला का रहने वाला रजनीश ( 36) पुत्र सुखराम अपनी मौसी रक्षा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर पंजाब से दौलतपुर चौक आ रहा था। जैसे ही वे दोनों पंजाब-हिमाचल सीमा पर सुनसान क्षेत्र में पहुंचे तो पहले से हमले की फिराक में बैठे रजनीश के रिश्ते में भतीजे ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। गोली लगने से रक्षा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रजनीश घायल हो गया। घायल रजनीश को राहगीर आनन फानन में सीएचसी दौलतपुर चौक पहुंचाया। रजनीश की दाहिनी बाजू में गोली लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद रजनीश को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के लिए रेफर कर दिया। उधर सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सुरजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आगामी कारवाई शुरू कर दी। उधर चौकी प्रभारी एसआई सुरजीत सिंह ने हिमाचल पंजाब सीमा पर गोलीबारी की घटना में एक युवक के घायल होने और एक महिला की मौत की पुष्टि की है। साथ ही बताया कि पुलिस गोलीबारी के घटनास्थल को पंजाब पुलिस के साथ मिलकर चिन्हित कर रही है कि मामला हिमाचल क्षेत्र का है अथवा पंजाब क्षेत्र का इस बात की जांच जारी है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…


