-
Advertisement
सड़क पर बेसुध पड़ा था युवक, बाजू पर मिला इंजेक्शन का ताजा निशान
Himachal News: हिमाचल में नशा युवाओं की जान ले रहा है। जिला बिलासपुर की ग्राम पंचायत स्वाहण में एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पर एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। प्रथम दृष्टया मामला चिट्टे की ओवरडोज का बताया जा रहा है। इस सबंध में उपप्रधान जसविंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि मैहला से स्वाहण लिंक रोड पर एक युवक बेसुध हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवक लखविंद्र सिंह अचेत अवस्था में पड़ा था, साथ में उसकी मां, भाई और गांव के अन्य लोग भी मौजूद थे।
चिट्टे का आदी था लखविंद्र
फॉरेंसिक विशेषज्ञ प्रदीप कुमार भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर किसी प्रकार की चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले, लेकिन बाजू पर इंजेक्शन का ताजा निशान मिला, जिससे खून भी बहा था। परिजनों के अनुसार लखविंद्र चिट्टे का आदी था और कुछ समय पहले उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती भी करवाया गया था। परिवार ने किसी साजिश या हत्या की आशंका से इन्कार किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने बताया कि स्वारघाट थाना पुलिस आगामी जांच कर रही है।
सुभाष

