-
Advertisement
हवेली की खुदाई में निकले 103 साल पुराने चांदी के सिक्के, जेबों में भरकर भागे गांववाले
कैथल। हरियाणा के कैथल जिला में हरसौला गांव स्थित पुरानी हवेली की खुदाई के दौरान 103 साल पुराने चांदी के सिक्के (Silver coins) निकले हैं। अब इतने पुराने सिक्के निकलने की भनक जैसे ही गांव वालों को लगी सभी वहां पहुंच गए और सिक्के बटोरने लगे। जेसीबी के जबड़े से जो जितने सिक्के बटोर सकता था लेकर चला गया। इसकी सूचना पुलिस (Police) को भी दी गई, लेकिन जब तक वह मौके पर पहुंची तब तक लोग सिक्के लेकर जा चुके थे। हालांकि बाद में ग्रामीणों को इकट्ठा कर थाना तितरम पुलिस ने 67 सिक्के बरामद कर लिए। हवेली की खुदाई में कितने सिक्के निकले, यह पुख्ता संख्या अभी पता नहीं चल पाई है। इन सिक्कों पर वर्ष 1918 की मुहर लगी है। इनमें एक सिक्का वर्ष 1877 का भी मिला है।
यह भी पढ़ें: #Nikita_Tomar हत्याकांड : परिजन हरियाणा सरकार के रवैये से नाखुश, आमरण-अनशन पर बैठेंगे

जानकारी के अनुसार हरसौला गांव में नाथू राम सेठ की एक पुरानी हवेली थी। इसे कुछ समय पहले गांव के ही सतपाल ने खरीद लिया था। इस हवेली को गिराकर सतपाल नया मकान बना रहा था। इसके लिए खुदाई की जा रही थी तो जेसीबी चालक मनजीत को अचानक जेसीबी (JCB) के सामने चांदी के सिक्के दिखाई पड़े। देखते ही देखते हवेली की जमीन से चांदी के कई पुराने सिक्के निकलने लगे। यह सिक्के पुरानी हवेली में एक मटकी में थे। जेसीबी का जबड़ा लगने से मटकी फूट गई। सबसे पहले तो खुदाई कर रहे मजदूरों ने अपनी जेबों में सिक्के भरने शुरू कर दिए। जैसे इसके बाद ही ग्रामीणों को सिक्कों की सूचना मिली तो देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए।
महिलाओं और बच्चों ने नाखूनों से दीवारों की मिट्टी खुरचनी शुरू कर दी जिसके हाथ जो भी लगा वो लेकर चलता बना। इस पर डीसी ने नायब तहसीलदार ईश्वर सिंह को मौके पर भेजा। उन्होंने गांव में पुलिस के माध्यम से मुनादी कराई कि जिस किसी के पास भी सिक्के हैं वह प्रशासन या पुलिस के पास जमा करवा दे। थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि हवेली के मालिक सतपाल सोनी को बुलाकर बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उसका कहना है कि सिक्कों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। यह सिक्के पुरातत्व विभाग को सौंपे जाएंगे। अभी तक 67 की रिकवरी हो चुकी है।

