-
Advertisement
सीएम सुक्खू ने लांच किया हिमाचल में वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान, एक लाख हस्ताक्षर का लक्ष्य
Himachal Congress: हिमाचल में आज कांग्रेस ने वोट चोर- गद्दी छोड़ अभियान लांच किया। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राजीव भवन से अपने साइन करके इस अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा- आज देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए जनमत की रक्षा के लिये सभी को एकजुटता के साथ आना होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा,महाराष्ट्र व कर्नाटक में बीजेपी ने वोट चोरी कर सत्ता हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह बीजेपी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान एक जन जागरण अभियान बनाया जाएगा। प्रदेश में इस अभियान को तेज गति से पूरा किया जाएगा। इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा-बीजेपी वोट चोरी कर रही है।प्रदेश में यह अभियान 15 अक्टूबर तक चलेगा। कांग्रेस का दावा है कि राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी इस अभियान के दौरान एक लाख हस्ताक्षर करवाए जाएंगे।
अभियान को सफलता पूर्वक पूरा किया जाएगा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश में बीजेपी के खिलाफ वोट चोर,कुर्सी छोड़ के हस्ताक्षर अभियान को सफलता पूर्वक पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज से यह प्रदेश में सीएम के हस्ताक्षर से शुरू किया गया हैं। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा निर्देश पर,प्रदेश मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल ने इस अभियान के लिये प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री को संयोजक व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर को सह संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी हैं।इसी के साथ सभी जिलों में विधायकों को भी अपने अपने जिलों में हस्ताक्षर अभियान को पूरा करने की जिम्मेदारी दी हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के लोकतंत्र को बचाने व बीजेपी के वोट चोरी को रोकने के लिये देशभर में लोगों को इस अभियान के तहत जागरूक करने की दिशा में यह कांग्रेस का देशव्यापी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
अभियान की पूरी मॉनिटरिंग की जाएगी
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता इस अभियान के सह संयोजक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि इस अभियान की पूरी मॉनिटरिंग की जाएगी और प्रदेश से अधिक से अधिक हस्ताक्षर करवा कर इसे हाई कमान को भेजा जाएगा। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान व विदित चौधरी भी विशेष तौर पर उपस्थित थे। इस अभियान की देख रेख व मार्गदर्शन के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना भी की गई है।
संजू चौधरी

