-
Advertisement
हिमाचलः जोगिंद्रनगर के पास कार हादसे में दो सगे भाईयों की गई जान, तीन घायल
Last Updated on January 9, 2022 by saroj patrwal
लक्की शर्मा/ जोगेंद्रनगर। हिमाचल प्रदेश में हादसे कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। सर्द मौसम में जिला मंडी के जोगेंद्रनगर में हुए एक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई जबकि मृतकों का तीसरा भाई सहित दो चचेरे भाई घायल है। घायलों को जोगिंद्न नगर अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां सेएक को गंभीर टांडा रेफर किया है। हादसा इतना दर्दनाक था कि खाई में गिरने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। जानकारी के अनुसार हादसा जोगिंद्रनगर के साथ लगते ढेलू नामक स्थान पर आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुआ। ये सभी लोग पधर उपमंडल के लखवाण गांव निवासी हैं और आज किसी निजी कार्य से पालमपुर जा रहे थे। जोगिंद्रनगर के साथ लगते ढेलू के पास इनकी कार अनियंत्रित होकर पैरापिट को तोड़ती हुई 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जैसे ही स्थानीय लोगों ने धमाके की आवाज सुनी तो तुरंत प्रभाव से घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर लाया गया जहां पर डाक्टर ने दो को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान बहादुर सिंह पुत्र हिम्मत राम और ज्ञान चंद पुत्र हिम्मत राम के रूप में हुई है। यह दोनों सगे भाई थे। वहीं इनका तीसरा सगा भाई नंद लाल पुत्र हिम्मत राम व दो अन्य चचेरे भाई मुंशी राम पुत्र सुंदर सिंह और फतेह सिंह पुत्र शेर सिंह घायल हो गए हैं। मुंशी राम की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें टांडा मेडिकल कालेज रैफर कर दिया गया है जबकि दो घायलों का सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर में उपचार जारी है। बहादुर सिंह सेना में कार्यरत है और इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ था। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना संबंधी मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिए जाएंगे।
वहीं स्थानीय लोगों की माने तो यह हादसा कम और कच्चे पैरापिट होने की वजह से हुआ है। स्थानीय निवासी दिलीप सिंह का कहना है कि यहां पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं जिसमें कईयों की जान जा चुकी है। इन्होंने विभाग से यहां पर अधिक मात्रा में और मजबूत पैरपिट लगाने की मांग उठाई है।।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…