-
Advertisement
दगसेच में ढह गई पहाड़ी; शिमला-मटौर हाईवे बंद, 3 मकान, गौशाला जमींदोज
बिलासपुर। जिले में भारी बारिश के कारण शिमला-मटौर नेशनल हाईवे (Shimla Mataur High Wazy) पर दगसेच के पास शनिवार रात एक पहाड़ी का मलबा गिरने से हाईवे का करीब 100 मीटर का हिस्सा गायब हो गया है। भूस्खलन से तीन मकान, एक गौशाला जमींदोज हो गई। सड़क धंसने से दो ट्रक और एक कार भी खाई में जा गिरी। भूस्खलन (Landslide) से पहाड़ी के पास के छह घरों में दरारें आ गई हैं। प्रशासन ने इनमें रहने वाले परिवारों को स्थानीय स्कूल के रिलीफ कैंप में शिफ्ट कर दिया है।
रविवार सुबह एसडीएम बिलासपुर सदर अभिषेक गर्ग अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। नेशनल हाईवे को खोलने के लिए दोनों ओर से मशीनरी लगाई गई है। प्रशासन के अनुसार, अगले दो-तीन दिन में सड़क को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
यह भी पढ़े:शिमला में भारी तबाही; कहीं लैंडस्लाइड तो कहीं पेड़ गिरे, कल स्कूल बंद
शिमला के लिए नया रूट
शिमला-मटौर हाईवे के यातायात को डायवर्ट कर वाहनों को दाड़लामोड से वाया नवगांव होते हुए रानी कोटला पहुचने को कहा गया है। वहां से वाहन जब्बलपुल आएंगे और हमीरपुर जाने वाले वाहन सीधा घागस पहुंचेंगे, जबकि बिलासपुर के लिए वाहनों को जुखाला होते हुए ब्रह्मपुखर जाने और वहां से बिलासपुर पहुंचने को कहा गया है। विधायक रणधीर शर्मा ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्त हुए मकानों के पीड़ित परिवारों को मदद का आश्वासन दिया। पूर्व विधायक रामलाल ठाकुर ने भी घटनास्थल का दौरा किया।

