-
Advertisement
रूस में 8.8 तीव्रता के भूकंप के बाद 30 झटके, जापान से लेकर अमेरिका तक सुनामी का कहर
Japan Russia Tsunami: रूस के पूर्वी प्रायद्वीप कामचटका में दुनिया का छठा सबसे बड़ा भूकंप आया है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 8.8 थी। यह भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 4:54 बजे आया। रॉयटर्स के मुताबिक कामचटका में 4 मीटर तक ऊंची सुनामी आई है। इसकी वजह से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने बताया कि भूकंप का केंद्र जमीन से 19.3 किलोमीटर की गहराई में था।कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने वीडियो पोस्ट कर कहा कि आज का भूकंप दशकों में सबसे शक्तिशाली था। उन्होंने कहा कि एक किंडरगार्टन स्कूल को नुकसान पहुंचा है।
अमेरिका सहित कई देशों में सुनामी अलर्ट जारी
भूकंप के बाद रूस, जापान और अमेरिका सहित कई देशों में सुनामी अलर्ट जारी किया गया है। अमेरिकी एजेंसियों के अनुसार, भूकंप के बाद समुद्र में तीन फीट तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं, जो तटीय इलाकों में तबाही मचा सकती हैं। जापान में 16 जगहों पर सुनामी दर्ज की गई। इस दौरान समुद्र की 40 सेंटीमीटर ऊंची लहरें देखने को मिली। इशिनोमाकी पोर्ट पर समुद्र की पचास सेंटीमीटर ऊंची लहरें दिखाई दी। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस में भूकंप के बाद कैलिफोर्निया और हवाई के तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी के बाद सतर्कता बरतने को कहा है।रूस के सखालिन क्षेत्र के सेवेरो-कुरील्स्क शहर में प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।लोगों को तटीय इलाकों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। सखालिन के गवर्नर ने बताया कि फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, हालांकि एक किंडरगार्टन को क्षति पहुंची है और कुछ लोग मामूली रूप से घायल हुए।
द्वीपीय देशों में सुनामी की चेतावनी
भूकंप के झटकों के बाद जापान, अमेरिका के कैलिफोर्निया के अलावा फिलीपींस, न्यूजीलैंड, मेक्सिको, इंडोनेशिया, फिजी, पेरू, पापुआ न्यू गिनी, समोआ, ताइवान, वानुअतु और कई द्वीपीय देशों में सुनामी की चेतावनी दी गई है।
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
