-
Advertisement
72 की उम्र में छुआ आसमान: जमुई के बुजुर्ग ने हिमाचल की पहाड़ियों से भरी उड़ान
Viral Video: उम्र सिर्फ एक आंकड़ा है, इस बात को बिहार के जमुई जिले के रहने वाले 72 वर्षीय कपिलदेव रावत ने सच कर दिखाया है। जहां इस उम्र में लोग अक्सर आराम करना पसंद करते हैं, वहीं कपिलदेव ने हिमाचल प्रदेश की ऊंची पहाड़ियों से करीब 24 हजार फीट की ऊंचाई से पैराग्लाइडिंग कर सभी को हैरान कर दिया है। उनके इस हैरत अंगेज कारनामे का वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को @AnathNagrik के सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किया गया है।
72 साल की उम्र में 24 हजार फीट की ऊंचाई से की पैराग्लाइडिंग….चाचा यार…. pic.twitter.com/eQdhkjEdiT
— आजाद भारत का आजाद नागरिक (@AnathNagrik) September 15, 2026
शुरुआत में डरे, फिर लिया हवा में तैरने का मजा
कपिलदेव ने करीब आधे घंटे (30 मिनट) तक हवा में उड़ान भरी और फिर सुरक्षित जमीन पर लैंड किया। अपने अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि पहाड़ से छलांग लगाने के शुरुआती कुछ सेकेंड बहुत डरावने थे और लगा कि सब खत्म होने वाला है। लेकिन अगले ही पल डर दूर हो गया और रोमाच ने उसकी जगह ले ली। इतनी ऊंचाई से नीचे दुनिया का नजारा बेहद खूबसूरत दिख रहा था।
80 साल की बुजुर्ग महिला से मिली प्रेरणा
जमुई में होटल चलाने वाले कपिलदेव को घूमने-फिरने का काफी शौक है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने 80 साल की एक महिला और 75 साल के पुरुष को पैराग्लाइडिंग करते सुना, तो उनके मन में भी ख्याल आया—”अगर वो कर सकते हैं तो मैं क्यों नहीं?” बस फिर क्या था, हिमाचल यात्रा के दौरान उन्होंने अपने इस सपने को पूरा कर लिया।
परिवार का मिला पूरा साथ
कपिलदेव का कहना है कि उनके इस साहसिक फैसले में परिवार का बहुत बड़ा सहयोग रहा। उनके दोनों बेटों और परिजनों ने उन्हें हिम्मत दी और उनका हौसला बढ़ाया। 72 की उम्र में कपिलदेव की यह जिंदादिली अब उन लाखों लोगों के लिए एक मिसाल बन गई है, जो उम्र के कारण अपने सपनों को भूल जाते हैं।
पंकज शर्मा
