-
Advertisement
पब्बर नदी पुल मामले में PWD के एक एक्सईएन और SDO सहित तीन सस्पेंड
शिमला। जिला के रोहड़ू (Rohru) स्थित बखीरना में पब्बर नदी पर बने डबल लेन पुल के क्षतिग्रस्त होने के मामले में सरकार ने तीन पीडब्ल्यूडी अधिकारियों (Three PWD officers) को निलंबित कर दिया है। इसमें अधिशाषी अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को सस्पेंड (Suspend) किया गया है। निर्माण के दौरान उचित पर्यवेक्षण और निगरानी में लापरवाही के लिए राज्य सरकार ने तत्कालीन अधिशाषी अभियंता (AXN) लोक निर्माण विभाग मंडल रोहड़ू रवि भट्टी को निलंबित कर दिया है।
यह भी पढ़ें: ट्रांसपोर्टर का 4 माह का टैक्स माफ, 30 जून तक Valid होंगे लाइसेंस- नहीं लगेगा जुर्माना
वह वर्तमान में ठियोग में तैनात हैं। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता (SDO) रोहड़ू नरेंद्र सिंह नाइक और कनिष्ठ अभियंता (JE) सिविल रोहड़ू सेक्शन विजय कुमार को भी इस पुल के निर्माण कार्य के दौरान उचित पर्यवेक्षण और निगरानी में कोताही के लिए निलंबित किया गया है। पब्बर नदी पर बना यह पुल इस माह की 13 तारीख को क्षतिग्रस्त हो गया था।

यह भी पढ़ें: Kangra जिला में कोरोना का नया मामला, एक्टिव केस हो गए 105
प्रधान सचिव पीडब्ल्यूडी जेसी शर्मा ने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर के निर्देश पर राज्य सरकार ने इस पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारणों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया था। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार इस पुल के निर्माण में तकनीकी खामियों के अलावा, उचित पर्यवेक्षण और निगरानी में लापरवाही को भी इंगित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले की विस्तृत जांच की गई है और मुख्यतः इन तीनों अभियंताओं को इस चूक के लिए जिम्मेदार पाया है।
यह भी पढ़ें: पब्बर नदी पर बनाए जा रहे पुल के गिरने की होगी जांच, Committee का किया गठन
उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है और निर्माण कार्य से जुड़े अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। जेसी शर्मा ने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर के नेतृत्व में राज्य सरकार विकासात्मक कार्यों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस संबंध में किसी भी तरह की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


