-
Advertisement
हिमाचल: एनएचपीसी टनल हादसे की होगी मजिस्ट्रेट जांच, जल्द रिपोर्ट सौंपने के आदेश
कुल्लू। हिमाचल के कुल्लू (Kullu) जिला की गड़सा घाटी में एनएचपीसी की टनल (NHPC Tunnel) में बीते रोज हुए हादसे की मजिस्ट्रेट जांच (Magistrate investigation) की जाएगी। जिला डीसी डॉ. ऋचा वर्मा ने एडीएम कुल्लू से एक हफ्ते में जांच रिपोर्ट देने को कहा है। मामले की जांच के लिए एक टीम बनाई गई है। जांच टीम में एडीएम के अलावा एसडीएम कुल्लू और डीएसपी हेडक्वार्टर सहित कई तकनीकी विशेषज्ञ शामिल किए गए हैं। यह टीम मौके पर जाकर हादसे के तकनीकी कारणों की भी जांच करेगी। डीसी कुल्लू (DC Kullu) डॉ ऋचा वर्मा ने मजिस्ट्रेट जांच करवाने की पुष्टि की है। वहीं शनिवार को तीन कामगारों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। जबकि दार्जिलिंग के मृतक कामगार नवीन (42) का शव पोस्टमार्टम के बाद अभी जिला अस्पताल कुल्लू (Kullu Hospital) के शवगृह में रखा गया है। उसे हवाई मार्ग से दार्जिलिंग भेजा जाएगा। इसके अलावा हादसे में घायल हुए व्यक्ति का कुल्लू जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायल नेपाल निवासी रामचंद्र की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है हालांकि उसकी टांग में प्लास्टर किया गया है।
यह भी पढ़ें: Himachal : एनएचपीसी की टनल धंसने से चार मजदूरों की मौत, एक गंभीर घायल
पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों के बारे में टनल निर्माण करने वाली कंपनी के अधिकारियों से पूछताछ होगी। टनल निर्माण के दौरान मजदूरों को कैसे सुरक्षा उपकरण दिए जाते थे, इसकी भी जांच होगी। बता दें कि बीते रोज शाम के समय कुल्लू जिला की गड़सा घाटी के पंचांनाला में एनएचपीसी की टनल धंसने पांच मजदूर मलबे में दब गए थे। जिसमें चार मजदूरों की मौत हो गई जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर घायल हुआ था। हादसे के समय 6 मजदूर एनएचपीसी चरण 2 की निर्माणाधीन टनल में ड्रिल कर रहे थे। इसी दौरान अचानक टनल के अंदर का एक हिस्सा टूट गया और उसके मलबे में यह मजदूर दब गए थे।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


