-
Advertisement
जम्मू में बारुदी सुरंग फटने से हिमाचल का जवान शहीद, अक्तूबर में होनी थी शादी
हमीरपुर। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में बारुदी सुरंग फटने से हमीरपुर का जवान शहीद हो गया है। शहीद जवान कमल देव वैद्य भोरंज उपमंडल के ग्राम पंचायत लगमनवी के गांव घुमारवी का रहने वाला था और वह डोगरा रेजिमेंट मे तैनात था। 27 वर्षीय जवान कमल देव वैद्य ने अप्रैल में छुट्टी काट कर वापस नौकरी ज्वाइन की थीऔर अक्तूबर माह में शादी तय थी। बताया जा रहा है कि जवान के घर पर विवाह की तैयारियां चल रही थी। कमल वैद्य के परिवार में माता-पिता, बड़ा भाई और दो बहनें हैं।
शहीद कमल देव के पिता मदन लाल दिहाड़ी मजदूरी करते हैं तथा माता वनीता देवी गृहिणी हैं। 32 वर्षीय बड़े भाई देवेंद्र कुमार ने होटल मैनेजमेंट डिप्लोमा किया है तथा घर पर ही है। दो बहनें इंदूबाला व शशिवाल हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।
आज सुबह जवान के शहीद होने की सूचना मिलते ही घर पर कोहराम मच गया। मां व बहनें समाचार सुन कर बेसुध हो गई।सेना के अधिकारियों ने शहीद की मां वनीता देवी को इस संबंध में सूचना दी। सेना के अधिकारियों ने बताया कि सिपाही कमल देव वैद्य बेहद बहादुर और अनुशासित जवान था, जिसे सेना ने खो दिया।
जाहिर है शनिवार को पुंछ जिले (Poonch)के मनकोट सेक्टर में माइन ब्लास्ट (Mine blast ) हुआ , जिसमें कृष्ण वैद्य शहीद हो गया है। यह घटना लाइन ऑफ कंट्रोल (Loc) के पास हुई है। कमल देव वैद्य माइन ब्लास्ट में बुरी तरह से जख्मी हो गया था, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शहीद की पार्थिव देह आज शाम साढ़े तीन बजे हेलिकाप्टर के माध्यम से आइआइटी हमीरपुर के मैदान में पहुंचेंगी। इसके बाद कुछ देर में घर में रखने के बाद साढ़े चार बजे के करीब शहीद का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए Subscribe करें हिमाचल अभी अभी का Telegram Channel…

