-
Advertisement
हिमाचल के बड़ा भंगाल में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाने हेलाकॉप्टर से पहुंची टीम
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश अपनी 100 प्रतिशत वयस्क आबादी को कोविड-19 वैक्सीन की पहली खुराक देने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। इसी के तहत आज जिला कांगड़ा के दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल में डीसी कांगड़ा डॉक्टर निपुण जिंदल, एडीसी राहुल कुमार, सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरुदर्शन गुप्ता के साथ वैक्सीनेशन टीम पहुंची । इस टीम ने इस दुर्गम क्षेत्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाई। अब तक इस इलाके बड़ा बंगाल में बरसात के चलते कोई भी टीम नहीं पहुंच पाई थी। डीसी ने बड़ा भंगाल पहुंचकर स्थानीय लोगों की अन्य समस्याएं भी सुनीं और उन्हें हल करने का आश्वासन दिया। प्रदेश सरकार की ओर से बकायदा इस मिशन के लिए हेलिकॉप्टर भेजा गया था।
यह भी पढ़ें:कोरोना वैक्सीनेशन: 6 सितंबर को पीएम मोदी करेंगे संवाद, नड्डा ने भी दी हिमाचल को बधाई
बुधवार सुबह 9 बजे यह हेलिकॉप्टर गगल एयरपोर्ट से बड़ा भंगाल के लिए रवाना हुआ। इस कैंप के आयोजन के बाद टीम वापस आ जाएगी। बड़ा भंगाल पंचायत में इस समय काफी लोग मौजूद हैं, इनमें कुछ लोगों को बीड़ में वैक्सीन लग चुकी है। एसडीएम बैजनाथ सलीम आजम ने बताया कि यह हेलिकॉप्टर बुधवार सुबह रवाना हुआ। बड़ा भंगाल पंचायत के पंचायत प्रधान भी दो दिन पहले बैजनाथ से बड़ा भंगाल के लिए रवाना हो चुके हैं। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा था कि सरकार वैक्सीन डोज लेने से छूट गए गांव के लोगों को शीघ्र उनके गांव जाकर वैक्सीन डोज लगाने की व्यवस्था करेगी। वैक्सीनेशन अभियान के तहत कांगड़ा जिला के बड़ा भंगाल में हेलिकॉप्टर से वैक्सीन भेजने की व्यवस्था होगी। ऐसे कई गांव भी सामने आए हैं जहां पर अभी तक वैक्सीनेशन नहीं हुआ है। बड़ा भंगाल ऐसा ही क्षेत्र है। जहां पर वैक्सीन भेजना मुश्किल है और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम का पहुंचना भी सरल नहीं है। वैसे बड़ा भंगाल की जनसंख्या कम है, लेकिन सरकार वैक्सीन डोज पहुंचाने के लिए हेलिकॉप्टर भेजेगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए Subscribe करें हिमाचल अभी अभी का Telegram Channel…


