-
Advertisement
हिमाचल: पैराग्लाइड की फटी सीट पर ऑपरेटरों से भिड़े पर्यटक, वीडियो हुआ वायरल
कुल्लू। प्रदेश में मौसम के बदलते ही पर्यटक आए दिन हिमाचल की तरफ रुख कर रहे हैं। पर्यटक कुल्लू-मनाली में साहसिक गतिविधियों का लुत्फ उठाने के लिए आ रहे हैं। इसी बीच कुल्लू की एक पैराग्लाइडिंग साइट में पर्यटकों और पैराग्लाइडिंग ऑपरेटरों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो गया है।
यह भी पढ़ें:हिमाचल में यहां प्रधान की कुर्सी के लिए दो गुटों में जमकर चले लात घूंसे, पढ़ें पूरा मामला
पर्यटकों ने ऑपरेटर पर फटे हुए पैराग्लाइडर में पैराग्लाइडिंग करवाने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार मामला दो-तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। वहीं, वीडियो में स्पष्ट नजर आ रहा है कि एक पर्यटक लड़की ऑपरेटर को बात करने के लिए कह रही है। इसके बाद एक पर्यटक कहता है कि पैराग्लाइडर की सीट फटी हुई है, लेकिन इसे आप लोगों ने चैक नहीं किया।

पर्यटक पैसा वापस मांगने लगे। जिसके बाद पहले तो दोनों पक्षों के बीच बहुत कहासुनी हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। हालांकि वहां खड़े एक शख्स ने इस मारपीट का वीडियो बना लिया। जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पर्यटकों के साथ इस तरह की मारपीट को लेकर कई तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है और सोशल मीडिया पर भी लोग इस मामले पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
वहीं, पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने कहा कि मामले को लेकर अभी तक पुलिस के पास किसी तरह की शिकायत नहीं आई है। हालांकि, पुलिस ने वायरल हुए वीडियो का अध्ययन किया है और इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


