-
Advertisement
हिमाचल का युवक दुबई में हुआ हादसे का शिकार, मलबा गिरने से गई जान
Last Updated on January 22, 2022 by Vishal Rana
शाहपुर। हिमाचल के जिला कांगड़ा के युवक की दुबई (Dubai) में एक हादसे में मौत हो गई है। युवक शाहपुर (Shahpur) क्षेत्र की पंचायत कैरी के गांव महाड़ का रहने वाला है। युवक दुबई में लेबर का काम करता था और काम के दौरान ही अचानक से काफी मात्रा में मलबा उसके ऊपर आ गिरा। जिससे उसकी मौत हो गई। इस हादसे में बिहार (Bihar) के भी कुछ युवकों की मौत हुई है। जानकारी देते हुए कैरी पंचायत के उपप्रधान करतार सिंह ने बताया कि शाहपुर के गांव महाड़ का 23 वर्षीय अनुराग कुमार पुत्र जैसी राम अढाई साल पहले अपने गांव के एक युवक के साथ दुबई गया था। वहां पर ये युवक एक कंपनी के माध्यम मजदूरी का काम करते थे।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: मजदूर ने जंगल में लगाया फंदा, लोहड़ी मांगने गए किशोर की हादसे में मौत
शुक्रवार की रात अनुराग किसी बिल्डिंग में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक मलबा ऊपर गिरने से युवक उसमें दब गया। जिस कारण उसकी मौत हो गई, जबकि महाड़ गांव का विक्की कुमार भी उसी कंपनी में काम करता था, लेकिन उसकी छुट्टी होने के कारण वह बच गया। उपप्रधान करतार सिंह ने बताया विक्की ने ही इस हादसे (Accident) की जानकारी अपने घरवालों को दी है। विक्की के पिता जिगरी राम ने बताया कि वहां की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसके बाद शव को वापस लाने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। वहीं, अनुराग के मरने की सूचना के बाद गांव महाड़ में मातम छाया हुआ है। अनुराग के पिता भी मजदूरी करते हैं। अनुराग मजबूरी के कारण विदेश गया था, ताकि उसका परिवार सुख में जीवन बसर कर सके। उसकी तीन बहनें और एक भाई है, जिसमें दो बहनों की शादी हो चुकी है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group