-
Advertisement
रमेश धवाला को आया गुस्सा: बोले- ना ‘आप’ ना उसका माईबाप, हम किसी पार्टी का नहीं देंगे साथ
रविन्द्र चौधरी, देहरा। ज्वालामुखी से बीजेपी के विधायक रमेश धवाला (BJP MLA Ramesh Dhawala) ने आज बड़ा बयान जारी किया है। आम आदमी पार्टी में जाने के सवाल पर रमेश धवाला भड़क गए। धवाला ने कहा ना “आप” ना उसका माईबाप, हम किसी पार्टी का साथ नहीं देंगे। धवाला ने कहा कि कोई उन्हें फोन करने की हिम्मत भी ना करे। धवाला ने कहा कि वह पार्टी के सच्चे सिपाही रहे हैं और अब इस उमर में वह आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) में जाएंगे यह सोचना बेकार है। धवाला ने कहा कि उन्हें पता चला है कि मंडी में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (Delhi CM Arvind Kejriwal) और पंजाब के सीएम भगवंत मान आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें:हिमाचल: जनमंच में मंत्री के सामने शिकायतकर्ता बन खड़े हो गए विधायक, सुनाने लगे समस्याएं
धवाला ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता बेवकूफ नहीं है। उन्हें मुफ्त का लालच दिखाकर कोई नहीं लूट सकता है। केजरीवाल ने झूठ बोलकर पंजाब में अपनी सरकार (Punjab Govt) बना ली। अब वह किए हुए वायदों से मुकर गए है। उन्होंने कहा कि अब केजरीवाल बोल रहा है कि वह महिलाओं को महीने का 1000 देंगे, लेकिन उसके लिए जनता उन्हें अभी 5 साल का समय दे। धवाला ने कहा कि हिमाचल में लोग दो ही पार्टियों कांग्रेस – बीजेपी को पसंद करते हैं। लोग आम आदमी पार्टी के झांसे में नहीं आने वाले। धवाला ने कहा प्रदेश की जयराम सरकार (Jai Ram Govt) ने जो वायदे किए वह पूरे भी किए। उन्होंने कहा कि चाहे मेडिकल सुविधा देने की बात हो पेंशन देने की बात हो, सब वायदे पूरे हुए।

पहाड़ नहीं चढ़ पाएगी आम आदमी पार्टी
धवाला ने कहा कि आम आदमी पार्टी पहाड़ नहीं चढ़ पाएगी। धवाला ने चुटकी लेते हुए कहा कि अभी पंजाब में सरकार बने 15 दिन ही हुए और उनकी ट्यून बदल गई है। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने झूठ बोलकर सत्ता हासिल की और अब सभी वायदों से मुकर गई है। धवाला ने कहा कि पंजाब के नए नवेले सीएम भगवंत मान (Punjab CM Bhagwant Mann) पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) से मिलने गए थे। वहां उन्होंने 50000 करोड रुपए की सलाना मदद मांगी, ताकि वह पंजाब की जनता से किए वायदों को पूरा कर सके। धवाला ने सीएम भगवंत मान से पूछा है कि क्या उन्होंने जो लोक लुभावने वायदे पंजाब की जनता से किए, वह क्या पीएम से पूछ कर किए थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सिर्फ कांग्रेस (Congress) के लोग ही आम आदमी पार्टी के पीछे दौड़ रहे हैं। धवाला ने कहा कि मैं दावे के साथ कह सकता हूं हिमाचल प्रदेश में एक भी सीट आम आदमी पार्टी को नहीं मिलेगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…

