-
Advertisement
सीएम जयराम के गृह क्षेत्र का हाल, लाखों का डंगा काम पूरा होने से पहले ही हुआ धराशायी
मंडी। जिला मंडी (Mandi) के बल्ह हलके की गोडा गागल पंचायत के सिंहन गांव में निर्माण कार्य में बरती गई कोताही से लाखों रुपए का डंगा (Safety Wall) पूरा होने से पहले ही ढह गया है। इससे गांव के लिए घरों को खतरा पैदा हो गया है। प्री मानसून दस्तक देने को तैयार है। ऐसे में बारिश (Rain) से यहां बड़ा हादसा पेश आ सकता है। ग्रामीण कई दिनों से पंचायत प्रधान से क्षतिग्रस्त डंगे की मरम्मत करने की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन प्रधान उनकी एक भी सुनने को तैयार नहीं है। गांव के ज्यादातर घरों को जोड़ने व खेतों तक पहुंचने के लिए एकमात्र संपर्क मार्ग है। डंगा ढहने से संपर्क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही है। लोगों को अपने वाहन घर के बजाय सड़क किनारे खड़े करने पड़ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस के चिंतन शिविर में पेपर लीक मामले की गूंज, शुक्ला बोले-सीबीआई जांच करवाई जाए
बता दें कि संपर्क मार्ग पर परम देव की पशुशाला के समीप कुछ माह पहले भूस्खलन हो गया था। मार्ग का करीब 50 फीट हिस्सा भूस्खलन की चपेट में आ गया था। पंचायत प्रधान ने यहां करीब डेढ़ माह पहले डंगा लगाने का काम शुरु किया था। पत्थर व सीमेंट से लगाए गए 50 फीट लंबे व 18 फीट डंगे का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो गया था। पिछले दिनों हुई बारिश से डंगा बीच से ढह गया। इसके बाद प्रधान ने डंगे का काम बंद कर दिया। ग्रामीण मरम्मत के लिए गुहार लगाते रहे। थक हार के ग्रामीणों को बीडीओ बल्ह से शिकायत करना पड़ी। ब्लाक से डंगें के लिए करीब 1ण्20 लाख रुपये की राशि जारी हो चुकी है। निर्माण कार्य पर करीब पांच लाख के आसपास खर्च हुआ है। ग्रामीणों ने बीडीओ बल्ह से डंगें का कार्य नए सिरे से करवा मामले की जांच की मांग की है।
क्या कहते हैं पंचायत प्रधान
ग्राम पंचायत गोड़़ा गागल के प्रधान रामानंद डोगरा से जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने बताया कि डंगे के निर्माण कार्य के दौरान ग्रामीणों ने वाहनों की आवाजाही शुरु कर दी। दूसरा पानी का रिसाव होने से डंगा क्षतिग्रस्त हो गया। बुधवार से मरम्मत कार्य शुरु किया जा रहा है। वहीं, खंड विकास अधिकारी बल्ह कुलवंत सिंह ने बताया कि उन्हें इस संदर्भ में ग्रामीणों की शिकायत मिली है। कनिष्ठ अभियंता को कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…

हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page


