-
Advertisement
हिमाचल जांच टीम के लौटते ही जमींदोज़ हुई किंकरी देवी पार्क की दीवार
नाहन। अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त पर्यावरणविद किंकरी देवी (Kinkari Devi ) की स्मृति में उनके गृह नगर संगड़ाह में 27 लाख से हो रहे पार्क (Park) निर्माण की जांच के लिए पहुंची टीम के लौटते ही पार्क की करीब 15 मीटर लंबी एक दीवार जमींदोज हो गई। दरअसल डीसी सिरमौर के निर्देशानुसार उक्त बहुचर्चित पार्क के निरीक्षण (investigation) के लिए मंगलवार को पहली व गुरुवार को दूसरी टीम पहुंची थी। ग्रामीण विभाग के सहायक अभियंता संदीप चौहान व कनिष्ठ अभियंता सूरज की टेक्निकल टीम द्वारा निर्माण कार्य की जांच किए जाने के दौरान विकास खंड संगड़ाह के कार्यवाहक एसडीओ संजय कांत के अलावा 3 कनिष्ठ अभियंता भी मौजूद रहे। जांच टीम द्वारा दीवार में आई दरारों संबंधी रिपोर्ट भी तैयार की जा चुकी है।
यह भी पढ़ें:हिमाचल में बारिश का कहर, कहीं भू-स्खलन तो कहीं हिली धरती
सहायक अभियंता संदीप चौहान के अनुसार इसे उपायुक्त को सौंपा जाएगा। विडंबना यह रही की जांच टीम के लौटने के कुछ घंटे बाद ही गत रात्रि पार्क की दीवार ढह गई (Wall Collapsed), जिससे लुधियाना संपर्क मार्ग बंद हो गया और 33केवी विद्युत लाइन संगड़ाह-चाढना को भी काफी क्षति पहुंची। विद्युत विभाग सहायक अभियंता नंद लाल के अनुसार शुक्रवार को सूचना मिलते ही लाइन की मुरम्मत का कार्य शुरु करवाया जा चुका है और रिटेनिंग वाल के गिरने से लाइन को काफी नुकसान हुआ। वहीं लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियन्ता संगड़ाह रतन शर्मा ने कहा कि जेसीबी व टिप्पर लगाए जा चुके हैं और कल तक लुधियाना सड़क पर यातायात बहाल हो पाएगा।

ग्रामीणा कर चुके हैं घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत
बता दें कि 27 लाख की लागत से निर्माणाधीन किंकरी देवी पार्क व इंडोर स्टेडियम (Kinkari Devi Park & Indoor Stadium) संगड़ाह के निर्माण कार्य में सरकारी धन के दुरुपयोग व घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत दर्जन भर स्थानीय लोगों द्वारा उपायुक्त से की गई थी, जिसके बाद दो टीमों ने यहां पहुंच जांच की। उधर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता पर्यावरण प्रेमी किंकरी देवी के पौत्र बिजेंद्र कुमार ने पार्क निर्माण में धांधली व इसके तैयार होने से पहले ही मुख्य दीवार ध्वस्त होने पर नाराजगी जताई और इस बारे निष्पक्ष व कड़ी जांच की मांग प्रशासन व सरकार से की।
क्या कहते हैं कार्यवाहक बीडीओ संगड़ाह
इधर कार्यवाहक बीडीओ संगड़ाह हरमेश ठाकुर ने बताया कि वह दीवार गिरने के बाद पार्क का निरिक्षण कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि 50 मीटर की दीवार का करीब 15 मीटर का हिस्सा गिरा है और पंचायत को दोबारा दीवार बनाए जाने के बाद ही फाइनल पेमेंट की जाएगी।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page

हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…


