-
Advertisement
पांवटा साहिब-शिलाई- गुम्मा एनएच पर लैंडस्लाइड, दोनों तरफ लगा जाम
Last Updated on January 30, 2023 by Vishal Rana
शिलाई। पांवटा साहिब-शिलाई- गुम्मा राष्ट्रीय राजमार्ग 707 पर कई जगह पर भूस्खलन हुआ है। इसके चलते यह मार्ग कई घंटे तक अवरुद्ध रहा। लिहाजा, सड़क के दोनों ओर छोटे बड़े वाहनों का लंबा जाम लग गया। जानकारी के अनुसार कफोटा के समीप एनएच पर भारी-भरकम पत्थर और मलबा गिर गया। यहां पर भूस्खलन के बीच एक हाइड्रा मशीन भी चपेट में आ गई। गनीमत यह रही कि भारी पत्थर और मलबे की चपेट में आने से कोई जनहानि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- सुंदरनगर : सुनसान जगह पर सड़क किनारे खड़े थे तीन युवक, ग्रामीणों ने चोर समझ पीट डाले
बीती रात्रि बारिश के बाद सोमवार सुबह लगभग 11:30 बजे अचानक पहाड़ दरकने लगा और देखते ही देखते मलबे के साथ बड़ी-बड़ी चट्टानें भी गिरती रही। जिनकी चपेट मे कई पेड़ भी आए। मलबा गिरने की आशंका और खतरे को भांपते हुए सड़क के दोनों तरफ ट्रैफिक को रोक दिया गया। भूस्खलन के बीच मलबा आने से एक हाइड्रा मशीन मलबे के नीचे दब गई, जिस समय मशीन पर पहाड़ का मलबा गिरा उस समय मशीन के भीतर कोई नहीं था। लिहाजा इस दुर्घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ है। बता दें कि राष्ट्रीय राजमार्ग 707 पर आजकल चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। ऐसे में नई खुदाई वाले क्षेत्रों में भूस्खलन हुआ है और जगह-जगह मलबा सड़क पर आ गिरा है। हालांकि मलबा हटाने के इंतजाम भी साथ ही शुरू कर दिए गए हैं।