-
Advertisement
मनोहर हत्याकांडः गुस्साई भीड़ ने फूंक डाला आरोपी शब्बीर का घर, सलूणी में धारा 144 लागू
चंबा में मनोहर हत्याकांड मामले में लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। गुस्साई भीड़ ने सलूणी में आरोपी शब्बीर के घर को आग के हवाले कर किया। इसके साथ ही सलूणी में धारा 144 लागू कर दी है। मनोहर मामले में बढ़ते सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए प्रशासन की ओर से ये कदम उठाया गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।डीसी अपूर्व देवगन ने आदेश जारी करके कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। समूचे इलाके को जोड़ने वाली सभी सड़कों पर पुलिस ने नाकेबंदी कर दी है।
थाना परिसर में जा घुसी भीड़
इससे पहले स्थानीय लोग गुरुवार को सड़कों पर उतर आए। लोगों ने सलूणी, संघनी, लचोड़ी, किहार बाजार बंद कर दिया गया है। आक्रोशित भीड़ जबरदस्ती थाने के गेट खोल थाना परिसर में जा घुसी। आक्रोशित भीड़ को समझाने की भरसक कोशिश की गई। लेकिन लोगों को समझाना बेनतीजा रहा। दो घंटे तक नारेबाजी की गई। आक्रोशित भीड़ हत्यारों को सजा देने की मांग कर रही है।

प्रशासन ने आगामी 60 दिनों तक धारा 144 की लागू
डीसी अपूर्व देवगन ने आपराधिक प्रक्रिया संहिता 1993 की धारा 144 के तहत प्रदत शक्तियों का प्रयोग करते हुए सलूणी में चार से अधिक व्यक्तियों के इकट्ठे होने, किसी भी प्रकार की बैठक, जुलूस, रैली, धरने- प्रदर्शन के आयोजन को प्रतिबंधित करने के आदेश जारी किए हैं । यह आदेश तुरंत प्रभाव से आगामी 7 दिनों तक प्रभावी रहेंगे और प्रतिकूल परिस्थितियों के दौरान इस आदेश को आगे भी बढ़ाया जा सकता है । जारी आदेश में कहा गया है कि संघणी, किहार तथा सलूणी में स्थानीय निवासियों के बीच उपजे विवाद के दृष्टिगत कानून व्यवस्था की स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा ये आदेश जारी किए गए हैं । आगे आदेश में कहा गया है लोगों द्वारा प्रदर्शन और जुलूस आयोजित करने से सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न होने की आशंका तथा जान- माल की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। कोई भी व्यक्ति किसी भी संप्रदाय के प्रति अपमानजनक और भेदभावपूर्ण टिप्पणी नहीं कर सकता है ।इसके साथ किसी भी मीडिया के माध्यम से व्यक्ति विशेष द्वारा अभद्र टिप्पणी नहीं करने को कहा गया है जो सांप्रदायिक तनाव का कारण बनता हो। आदेश के उल्लंघन की अवस्था में भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत कार्रवाई के लिए उत्तरदायी होगा

सलूणी में हुई हत्या को राजनीतिक रूप न दें: सीएम सुक्खू
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हाल ही में चम्बा जिला के सलूणी क्षेत्र में युवक की हत्या की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है तथा लोगों से प्रदेश में एकता तथा सौहार्द बनाए रखने और इस घटना को राजनीतिक या साम्प्रदायिक रंग न देने का आग्रह किया है।उन्होंने आज यहां कहा कि इस मामले में कानूनी कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश सरकार इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ है तथा सरकार पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी समुदायों की सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा सुनिश्चित करवाई जाएगी। सीएम कहा कि प्रदेश सरकार मामले के हर पहलू पर नज़र रखे हुए है। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने तथा इस मामले में की जा रही जांच में सहयोग देने का आग्रह किया है।

