-
Advertisement
जयराम के जिले में बीजेपी को ’’निहाल’’ करेंगे नए अध्यक्ष
मंडी। पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर (Jairam Thakur) के गृह जिले में बीजेपी को ’’निहाल’’ करने के लिए नए सरदार की तैनाती हो गई है। जयराम के करीबी एवं पूर्व में मिल्क फैडरेशन के चेयरमैन रहे निहाल चंद शर्मा (Nihal Chand Sharma) को मंडी जिला बीजेपी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
निहाल चंद शर्मा मूलतः बल्ह विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले हैं। जिलाध्यक्ष बनने के बाद गुरुवार को निहाल चंद शर्मा का बीजेपी कार्यकर्ताओं ने शहर के ऐतिहासिक सेरी मंच पर जोरदार और भव्य स्वागत किया। स्वागत मौके पर बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी और जिला परिषद के चेयरमैन पाल वर्मा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। निहाल चंद शर्मा ने अपनी नियुक्ति के लिए पार्टी हाईकमान (BJP High Command) का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे कार्यकर्ता के नाते ही पार्टी के उत्थान के लिए कार्य करेंगे।
2019 में सभी विस क्षेत्रों में मिली थी बढ़त
संगठनात्मक जिला मंडी की पांचों सीटों पर बीजेपी का कब्जा है। 2019 के लोकसभा चुनावों में मंडी जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों से बीजेपी को ऐतिहासिक बढ़त मिली थी और इसे इस बार भी बरकरार रखने का प्रयास किया जाएगा। कांग्रेस की मौजूदा सरकार ने जनता के साथ जो झूठे वायदे किए थे, उन्हें जनता के बीच ले जाया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए मिलजुलकर कार्य करने का आहवान किया।

