-
Advertisement
विक्रमादित्य बोले: किसी पद की इच्छा नहीं, जो पार्टी हाईकमान तय करेगा- वह मंजूर
Last Updated on December 11, 2022 by Vishal Rana
शिमला। हिमाचल में सीएम और डिप्टी सीएम के शपथ ग्रहण समारोह (Oath taking ceremony) के बाद पूर्व सीएम स्व. वीरभद्र सिंह के बेटे और शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने मंत्री पद को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि वह किसी पद की दौड़ में नहीं हैं। विक्रमादित्य सिंह (Vikramaditya Singh) ने कहा कि आज तक कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी है, उसे हमने अपना कर्त्तव्य समझ कर अच्छे से निभाया है। आगे भी पार्टी हाइकमान जो भी उन्हें जिम्मेदारी सौंपेगी उसे भी वह अच्छे से निभाएंगे। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब विक्रमादित्य सिंह मंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। दूसरी तरफ विक्रमादित्य सिंह की मां हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) ने दावा किया कि हिमाचल में जब भी कैबिनेट (Cabinet) विस्तार होगा, उसमें विक्रमादित्य सिंह का मंत्री बनना लगभग तय है।
यह भी पढ़ें:मंत्रिमंडल बनते ही ओपीएस पर लिया जाएगा फैसला: सीएम सुखविंदर सुक्खू
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) की अगुवाई में सरकार बनाने का जो फैसला लिया है, वह उसका पूरा सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि खुद सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू भी कह चुके हैं कि वह वीरभद्र सिंह (Virbhadra Singh) के विकास मॉडल को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि सुक्खू के रूप में प्रदेश को दिए नए नेतृत्व पर पार्टी हाइकमान का वह आभार व्यक्त करते हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हॉली लॉज ने राज्य में सीएम पद के लिए दावेदारी पेश की थी, लेकिन पार्टी हाईकमान (Party High Command) ने सुक्खू के हक में फैसला लिया। वह हाईकमान के फैसले का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में सरकार और संगठन मिलकर काम करेंगे और प्रदेश के विकास को आगे लेकर जाएंगे।
जनता से किए वादे पूरे करना सरकार की पहली जिम्मेदारी
विक्रमादित्य ने कहा कि चुनाव से पहले पार्टी ने प्रदेश की जनता से जो वादे किए थे, उनको पूरा करना सरकार की पहली जिम्मेदारी रहेगी। उन्होंने कहा कि उनकी मां प्रतिभा सिंह की अगुवाई में कांग्रेस का संगठन और सुक्खू की अगुवाई में राज्य सरकार मिलकर पूर्व सीएम स्व. वीरभद्र सिंह के विकास मॉडल पर काम करेंगे और स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के विकास के सपने को साकार करने के लिए मिलकर काम करेंगे।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group