-
Advertisement
CWC ने हिमाचल में राष्ट्रीय आपदा घोषित करने पर प्रस्ताव किया पारित
शिमला। कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) ने केंद्र सरकार से हिमाचल की आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है। इस संबंध में एक प्रस्ताव हैदराबाद में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पारित किया गया। हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू भी शामिल हुए हैं।
प्रस्ताव में मांग की गई कि मोदी सरकार इसे राष्ट्रीय आपदा (National Calamity) घोषित करे, जिससे प्रदेश को प्रचुर आर्थिक मदद मिल सके। कांग्रेस कार्यसमिति ने अफसोस जाहिर किया कि केंद्र ने हिमाचल को अभी तक पर्याप्त मदद नहीं दी है। राज्य सरकार के लिए पर्याप्त धन देने की भी मांग की गई। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव संचार जयराम रमेश ने यह जानकारी साझा कर कहा है कि यह प्राकृतिक आपदा तो है ही, मगर राष्ट्रीय आपदा भी है। आपदा की वजह से लोगों की जान जाने, संपत्ति का नुकसान होने और लोगों के विस्थापित होने पर कार्यसमिति की बैठक में शोक भी जताया गया।
तीसरा प्रस्ताव हिमाचल को लेकर
बैठक में तीसरा प्रस्ताव हिमाचल की आपदा पर हुआ। सुक्खू ने कांग्रेस कार्यसमिति को प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा और सरकार की ओर से किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों से अवगत कराया। इस बैठक में सीएम सुक्खू को प्रियंका गांधी और कर्नाटक के सीएम के साथ जगह मिली। इस दौरान सीएम ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से राजनीतिक और प्रदेश हित के मुद्दों पर चर्चा की।.
यह भी पढ़े:हिमाचल के आपदा प्रभावितों को दोहरी राहत; अब एलपीजी किट, राशन भी फ्री में
राहुल गांधी को दी जानकारी
इससे पहले कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का आयोजन स्थल पर पहुंचने पर स्वागत किया। सुक्खू ने बैठक की औपचारिक शुरूआत के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ बातचीत की। उन्होंने राहुल को हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से हुई तबाही के राहत और पुनर्वास कार्यों के बारे में जानकारी दी। प्रभावितों के जख्मों पर मरहम लगाने के लिए अब तक लिए गए निर्णयों से भी उन्होंने अवगत कराया।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

