-
Advertisement
Priyanka Gandhi: पर्यटक बनकर हिमाचल घूमने आते हैं मोदी और खींचते हैं फोटो
Priyanka Gandhi In Himachal: चंबा। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज हिमाचल दौरे पर हैं। चंबा के ऐतिहासिक चौगान में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी (PM Modi) पर जोरदार निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि मोदी हिमाचल आकर पर्यटक (Tourist) बनकर फोटो खींच रहे हैं। उन्होंने धनबल की ताकत से हिमाचल की सरकार को गिराने का प्रयास किया। मोदी जी ने पैसे देकर, भ्रष्टाचार (Corruption) कर प्रदेश की सरकार को गिराने की कोशिश की। क्या यह ईमानदारी की बात है, क्या इसे सच्ची राजनीति कहते थे। बीजेपी का एक ही मकसद है कि सत्ता को अपने हाथ में रखना है। चाहे सरकारों को गिराना पड़े, चाहे भ्रष्टाचार करना पड़े, विधायकों को घूस खिलानी पड़े या धनबल का इस्तेमाल करना पड़े।

मोदी के कारण किसानों को फसल का उचित दाम नहीं मिलता
मोदी सरकार ने 10 वर्षों में सिर्फ बड़े-बड़े खरबपतियों के लिए नीतिया बनाईं। OPS की बात होती है तो कहा जाता है पैसे नहीं, लेकिन बड़े-बड़े खरबपतियों के लिए खूब पैसा है। प्रियंका ने कहा कि हिमाचल के सेब किसानों का हाल देखिए। तमाम कोल्ड स्टोर बड़े खरबपतियों को दिए गए हैं। दाम यही उद्योगपति तय कर रहे हैं। इसके चलते किसानों को फसल का उचित दाम नहीं मिलता। जनता महंगाई से जूझ रही है। देश में बेरोजगारी बढ़ गई है। 70 करोड़ युवा आज बेरोजगार हैं, 30 लाख सरकारी पद खाली है।

बीजेपी की नीयत साफ नहीं
आपदा के समय बीजेपी के नेता कहां थे, उल्टा जो केंद्र से राहत राशि आनी थी उसे भी रोक दिया। आपदा से हिमाचल की अर्थव्यवस्था पर बहुत बोझ बढ़ा है। बीजेपी की नीयत साफ नहीं है। प्रियंका ने कहा कि मोदी जी देश में घूम-घूम कर कह रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी आपकी भैंस चुरा लेगी और मंगलसूत्र चुरा लेगी, ये कैसी बातें हैं। कांग्रेस 55 सालों तक सत्ता में रही लेकिन अमीर पार्टी नहीं बन पाई। लेकिन भाजपा 10 सालों में दुनिया की सबसे अमीर पार्टी बन गई और भ्रष्ट कांग्रेस को कहा जाता है।

किसानों की कर्ज माफी के लिए स्थायी आयोग बनेगा
प्रियंका गांधी ने कहा कि कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को 8500 रुपये हर महीने देंगे, महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। किसानों की कर्ज माफी के लिए स्थायी आयोग बनेगा। श्रमिकों के लिए 400 रुपये न्यूनतम दिहाड़ी का कानून लाएंगे। मनरेगा को मजबूत किया जाएगा। शहरों में भी इसे लागू किया जाएगा। 25 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त किया जाएगा। नौजवानों के लिए पांच हजार करोड़ कास्टार्टअप फंड बनाएंगे। अग्निवीर योजना को रद्द किया जाएगा।

