-
Advertisement
एक लाख की स्कूटी के लिए हमीरपुर के शख्स ने लिया 14 लाख रुपये का VIP नंबर
Himachal News: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर शौक ने कीमत की सीमाएं तोड़ दी हैं। हमीरपुर के संजीव कुमार ने स्कूटी के लिए 14 लाख रुपये में वीआईपी वाहन नंबर HP21C-0001 खरीदा है। यह नंबर बड़सर एसडीएम कार्यालय से प्राप्त हुआ है।
ऑनलाइन बोली प्रक्रिया के तहत प्राप्त नंबर
यह नंबर परिवहन विभाग की ऑनलाइन बोली प्रक्रिया के तहत प्राप्त किया गया, जिसमें केवल दो लोगों ने भाग लिया, बोली में जिला सोलन के बद्दी क्षेत्र के एक व्यक्ति ने साढ़े 13 लाख रुपए की बिड इस नंबर के लिए लगाई थी लेकिन संजीव कुमार की ऊंची बोली ने पीछे छोड़ दिया। 14 लाख रुपए में संजीव कुमार ने यह नंबर खरीद लिया। यह राशि हिमाचल सरकार के खाते में राजस्व के रूप में जमा हुई है, जिससे सरकार को बिना किसी अतिरिक्त संसाधन के 14 लाख की आमदनी हुई है। परिवहन विभाग के अनुसार, यह अब तक का सबसे महंगा टू-व्हीलर नंबर हो सकता है।
खास और यूनिक नंबर का शौक
हमीरपुर निवासी संजीव कुमार पुत्र बनारसी दास ने बताया कि उन्हें खास और यूनिक नंबर का शौक है। उन्होंने यह नंबर अपनी नई स्कूटी के लिए खरीदा है और कहा शौक की कोई कीमत नहीं होती, और जब आपको कुछ खास चाहिए होता है, तो आप रुकते नहीं। उनके इस फैसले की चर्चा सोशल मीडिया से लेकर चाय की दुकानों तक हो रही है। एक ओर जहां लोग उनकी सोच पर हैरान हैं, वहीं कई लोग इसे आधुनिक सोच और डिजिटल प्रक्रिया की सफलता भी मान रहे हैं।
ऑनलाइन इस नंबर के लिए अप्लाई किया था
यह मामला हिमाचल में बदलती लाइफस्टाइल, ब्रांड वैल्यू और ई-नीलामी की पारदर्शिता का बेहतरीन उदाहरण बन गया है। वहीं संजीव कुमार के बेटे दिनेश कुमार ने बताया कि शौक के चलते VIP नंबर लिया है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन इस नंबर के लिए अप्लाई किया था । इस नंबर के लिए एक अन्य व्यक्ति ने अप्लाई किया था लेकिन ऑनलाइन बिड़ में उन्हें नंबर दिया गया।
अशोक राणा

