-
Advertisement
शिमला के भट्टाकुफर में देखते ही देखते जमींदोज़ हुई पांच मंजिला इमारत, देखें खौफनाक वीडियो
Himahal Weather: शिमला में बारिश का कहर जारी है। सोमवार सुबह करीब 8:15 बजे शिमला के भट्टाकुफर में एक पांच मंजिला भवन गिर गया। गनीमत रही कि बीती रात ही इस भवन को खाली करवा लिया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इमारत गिरने की इस घटना ने फोरलेन निर्माण कार्य में कोताही के आरोपों को फिर से हवा दे दी है। प्रभावित मकान मालिक अंजना वर्मा का आरोप है कि फोरलेन निर्माण के चलते उनके मकानों में दरारें आ गई थी और सुबह ही मकान गिर गया। अन्य मकानों को भी नुकसान होने का खतरा है। अब भी कई मकान खतरे की जद में हैं।
फोरलेन निर्माण कंपनी पर कोताही बरतने के आरोप
ग्राम पंचायत चमियाना के उप प्रधान यशपाल वर्मा ने कहा कि भट्टाकुफर में गिरे भवन के पास ही कई अन्य मकान भी हैं, जो खतरे की जद में हैं। कंपनी को कई बार इस बारे में कहा गया, लेकिन उन्होंने कोई ठोस समाधान नहीं निकाला। कंपनी ने सुरक्षा देने के दावे किए, लेकिन आज बड़ा हादसा हो गया। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और फोरलेन निर्माण कंपनी पर कोताही बरतने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि फोरलेन निर्माण के दौरान उनके मकानों की सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा गया, जिससे उनकी जान और माल को खतरा पैदा हो गया है। प्रभावितों ने प्रशासन से मांग की है कि फोरलेन निर्माण कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उनके मकानों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। प्रशासन ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
संजू चौधरी

