-
Advertisement
हिमाचल में बादल फटे: 3 की मौ#त, कई लोग लापता -घरों को नुकसान, चंडीगढ़-मनाली फोरलेन बंद
Himachal Cloud Burst:मंडी जिले में मानसून की बारिश ने तबाही मचाई है। बादल फटने के बाद आई बाढ़ ने अब तक 3 लोगों की जान ली है। करसोग में 1 और गोहर में 2 व्यक्तियों की मौत हुई है। मंडी के अलग-अलग क्षेत्रों में 10 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। करसोग इलाके में दो जगह बादल फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि परिवार के सात लोग के लापता है। घटना में कुछ घर और गाड़ियों के बहने की भी सूचना है। यहां 16 लोग सुरक्षित जगह शिफ्ट किए गए है। इनमें 12 बच्चे और चार महिलाएं शामिल हैं। करसोग में पानी के तेज बहाव के बीच फंसे लोग मदद और बचाव को चिल्लाते रहे।
गोहर में 2 घरों के साथ 9 लोग पानी में बहे
मंडी के कुट्टी बाइपास, पुराना बस अड्डा, थुनाग और गोहर में बीती रात को बादल फटा है। इसके बाद से तेज बारिश हो रही है। गोहर में 2 घरों के साथ 9 लोग पानी में बह गए। जिनकी पहचान पदम सिंह (75) पुत्र देवी सिंह गांव बागा, देवकू देवी (70) पत्नी पदम सिंह गांव बागा, झाबे राम (50) पुत्र गोकुलचंद पंगलयूर, पार्वती देवी (47) झाबे राम पंगलयू, सुरमि देवी (70) पत्नी स्वर्गीय गोकुलचंद, इंद्र देव (29) पुत्र झाबे राम, उमावती (27) पत्नी इंद्रदेव, कनिका (9) पुत्री इंद्रदेव, गौतम (7) पुत्र इंद्रदेव के रूप में हुई है।
20 से अधिक घर से फ्लैश फ्लड में बहने और लैंडस्लाइड
धर्मपुर के स्याठी गांव पर पूरा पहाड़ आ गया। इससे गांव के अधिकतर मकान ढह गए हैं। मंडी के अलग अलग क्षेत्रों में भी 20 से अधिक घरों से फ्लैश फ्लड में बहने और लैंडस्लाइड से क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। बाखलीखड्ड पर 2008 में बना 16 मेगावाट का पटिकरी पावर प्रोजेक्ट तबाह हो गया है। फिलहाल पावर हाउस में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मौके पर रेस्क्यू के लिए प्रशासन की टीम मुस्तैद है, लेकिन तेज बहाव के आगे टीम भी बेबस है। उधर, सराज क्षेत्र के कुकलाह के पास 16 मेगावाट पटिकरी पावर प्रोजेक्ट के भी बहने की सूचना है। यहां एक पुल के साथ कुछ गाड़ियां भी बह गई।
पंडोह में घर करवाए खाली
वहीं, पंडोह डैम से 1.57 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे ब्यास नदी में बाढ़ आ गई है। डैम में पीछे से 1.65 लाख क्यूसेक पानी आ रहा है। डैम के पांचों गेट खोलने से पंडोह बाजार जलमग्न होने लग गया है। अफरा- तफरी के बीच लोगों ने घर खाली कर दिए हैं। यहां एसडीआरएफ ने मोर्चा संभाला हुआ है। मंडी शहर में खड्ड और नाले उफान पर हैं। घरों और दुकानों में मलबा एवं पानी घुसने से भारी नुकसान हुआ है।
धर्मपुर बस अड्डा समेत घरों और दुकानों में भरा पानी
इसी तरह धर्मपुर में भरैंड नाला उफान पर है। धर्मपुर बस अड्डा समेत घरों और दुकानों में पानी घुस गया है। भरैंड नाले के किनारे वाले घर खाली कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। उधर, डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि स्थिति पर नजर है। रेस्क्यू के लिए टीमें जुटी हुई हैं।
रविंद्र चौधरी

