-
Advertisement
डॉ. राजेश शर्मा ने संभाला HPBOSE अध्यक्ष का कार्यभार, बोले- शिक्षा प्रणाली में सुधार और पारदर्शिता पर फोक्स
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने धर्मशाला स्थित बोर्ड मुख्यालय में विधिवत आज अपना कार्यभार संभाला। इस मौके पर बोर्ड के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. राजेश ने बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि मेरा उद्देश्य रहेगा कि पांचवीं का बच्चा पांचवीं की किताब खुद पढ़ सके। उन्होंने मूल्यांकन प्रणाली को तकनीकी रूप से सशक्त किया जाएगा ताकि परीक्षा परिणाम समय पर और त्रुटिरहित जारी हो सकें। उन्होंने बताया कि डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने, परीक्षा प्रणाली को सुधारने और ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों तक संसाधनों की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनका मुख्य फोकस शिक्षा प्रणाली में सुधार और पारदर्शिता रहेगा।
सुक्खू से फोन पर बात कर उनका लिया आशीर्वाद
डॉ. राजेश ने कहा कि मजबूत प्राथमिक शिक्षा ही आगे की कक्षाओं की नींव बनती है, इसलिए इस क्षेत्र में बदलाव उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। प्रारंभिक शिक्षा में गुणवत्ता सुधार, परीक्षाओं में पारदर्शिता, मूल्यांकन प्रक्रिया का डिजिटलीकरण, शिक्षकों और छात्रों का प्रशिक्षण, समय पर डेटशीट और परिणाम जारी करना उनकी प्राथमिकताएं है। डॉ. राजेश ने बताया कि कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व उन्होंने सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू से फोन पर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि सीएम शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर बेहद गंभीर हैं। उनके मार्गदर्शन में काम करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। इससे पहले बोर्ड कर्मचारियों ने डॉ. शर्मा का गर्मजोशी से स्वागत किया।
राहुल कुमार

